Explore

Search

September 4, 2026 6:14 pm

42 हितग्राहियों से 9.46 लाख रुपये वसूलकर हड़पने वाला कलेक्शन एजेंट गिरफ्तार

कंपनी में जमा नहीं की ऋण की किस्तों की रकम, 15 महिला स्व-सहायता समूहों के सदस्यों से की थी वसूली

CBN36 जशपुर। भारत फाइनेंस इन्क्लूजन लिमिटेड के 42 हितग्राहियों से ऋण की किस्त के रूप में वसूले गए 9.46 लाख रुपये कंपनी में जमा नहीं करने के मामले में पुलिस ने कलेक्शन एजेंट को गिरफ्तार किया है। आरोपी ने पूछताछ के दौरान हितग्राहियों से रकम लेने और कंपनी में जमा नहीं करने की बात स्वीकार की थी। इसके बाद भी उसने रकम वापस नहीं की।

पुलिस के अनुसार, भारत फाइनेंस इन्क्लूजन लिमिटेड की ओर से ग्रामीण क्षेत्रों की महिला स्व-सहायता समूहों के सदस्यों को माइक्रो फाइनेंस के माध्यम से ऋण दिया जाता है। ऋण की किस्तों की वसूली के लिए कलेक्शन एजेंट नियुक्त किए जाते हैं। कंपनी के जशपुर ब्रांच में कलेक्शन एजेंट के रूप में काम करने वाले रवि राम चौहान (40) ने 7 नवंबर 2022 से 5 जुलाई 2023 के बीच 15 महिला स्व-सहायता समूहों के 42 सदस्यों से कुल 9,46,049 रुपये की किस्त वसूली।

तीन महीने में रकम जमा करने का दिया था आश्वासन

कंपनी के तत्कालीन जशपुर ब्रांच मैनेजर सौखी लाल बघेल ने 20 अगस्त 2026 को सिटी कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज कराई। कंपनी की आंतरिक जांच में 42 हितग्राहियों से रकम वसूले जाने की पुष्टि हुई। पूछताछ में आरोपी ने रकम लेने की बात स्वीकार की, लेकिन कंपनी में राशि जमा नहीं की।

पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने 12 जुलाई 2023 को नोटरी शपथ पत्र के माध्यम से कंपनी में रकम जमा करने के लिए तीन महीने का समय मांगा था। समय सीमा पूरी होने के बाद भी रकम जमा नहीं की गई।

धारा 409 के तहत मामला दर्ज

शिकायत के आधार पर सिटी कोतवाली जशपुर पुलिस ने अपराध क्रमांक 257/2026 में धारा 409 भादवि के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की। लगातार पतासाजी के बाद पुलिस ने आरोपी रवि राम चौहान पिता अलप साय, निवासी पेमला, थाना बागबहार, जिला जशपुर, हाल मुकाम संगम चौक दरबारीटोली, जशपुर को गिरफ्तार किया।

पुलिस ने आरोपी को रिमांड पर लिया है। गबन की गई रकम और मामले से जुड़े अन्य तथ्यों को लेकर उससे पूछताछ की जा रही है।

कार्रवाई में थाना प्रभारी सिटी कोतवाली मोर ध्वज देशमुख, सहायक उप निरीक्षक मनोज साहू और कोतवाली पुलिस स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS