
विधायक अमर अग्रवाल ने बंदियों को श्रीकृष्ण के आदर्शों पर चलने का दिया संदेश
CBN36 बिलासपुर। केंद्रीय जेल बिलासपुर में शुक्रवार को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पर्व श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया। जेल परिसर में भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव के लिए आकर्षक सजावट की गई। बाल स्वरूप श्रीकृष्ण, झूले और धार्मिक सजावट से पूरा परिसर भक्तिमय नजर आया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में बिलासपुर विधायक अमर अग्रवाल शामिल हुए। उन्होंने भगवान श्रीकृष्ण की पूजा-अर्चना की। इसके बाद जेल परिसर में भजन-कीर्तन का आयोजन हुआ, जिसमें बंदियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। जन्माष्टमी के अवसर पर आयोजित मटकी फोड़ कार्यक्रम में भी बंदियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और पूरे उत्साह के साथ मटकी फोड़ी।

इस दौरान विधायक अमर अग्रवाल ने बंदियों को भगवान श्रीकृष्ण के जीवन और उनके आदर्शों से प्रेरणा लेने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि सत्य, धर्म, कर्म और सदाचार के मार्ग पर चलकर जीवन में सकारात्मक बदलाव लाया जा सकता है। उन्होंने बंदियों से सकारात्मक सोच के साथ अच्छे आचरण को अपनाने की अपील की।
जेल प्रशासन के अनुसार, कार्यक्रम का उद्देश्य बंदियों में आध्यात्मिक और सकारात्मक भावनाओं का विकास करना तथा उन्हें भारतीय संस्कृति और धार्मिक परंपराओं से जोड़ना रहा। जेल के अधिकारी-कर्मचारियों ने भी बंदियों के साथ कार्यक्रम में सहभागिता की और उन्हें जन्माष्टमी की शुभकामनाएं दीं।

कार्यक्रम में जेल अधीक्षक खोमेश मंडावी, प्रभारी उप जेल अधीक्षक कोकिला वर्मा, सहायक जेल अधीक्षक विजयानंद सिंह सहित जेल के अधिकारी-कर्मचारी और बड़ी संख्या में बंदी मौजूद रहे। कार्यक्रम शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।
प्रधान संपादक




