Explore

Search

September 3, 2026 8:08 pm

दृष्टिबाधित विद्यार्थियों को शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ने और प्रयास जरूरी : राज्यपाल रमेन डेका

वर्ल्ड ऑडियो बुक टीम छत्तीसगढ़ का नाम गोल्डन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स में दर्ज, राज्यपाल ने सदस्यों को किया सम्मानित

CBN36 रायपुर, 3 सितंबर 2026। राज्यपाल श्री रमेन डेका ने कहा कि दृष्टिबाधित विद्यार्थियों को शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ने के लिए छत्तीसगढ़ में अभी और व्यापक प्रयास किए जाने की आवश्यकता है। उन्हें गुणवत्तापूर्ण एवं सहज अध्ययन सामग्री उपलब्ध कराना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। तकनीक के माध्यम से दृष्टिबाधित विद्यार्थियों तक शिक्षा पहुंचाने के लिए वर्ल्ड ऑडियो बुक टीम छत्तीसगढ़ द्वारा किया जा रहा कार्य सराहनीय और अनुकरणीय है।

राज्यपाल श्री डेका ने आज लोक भवन में वर्ल्ड ऑडियो बुक टीम छत्तीसगढ़ के सदस्यों से सौजन्य भेंट की। इस दौरान उन्होंने टीम के सदस्यों को उल्लेखनीय योगदान के लिए प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। टीम की उपलब्धि का नाम गोल्डन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स में दर्ज होने पर राज्यपाल ने सभी सदस्यों को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।

11 हजार से अधिक ऑडियो बुक्स तैयार करने का लक्ष्य

वर्ल्ड ऑडियो बुक टीम द्वारा दृष्टिबाधित एवं सामान्य विद्यार्थियों के लिए 11 हजार से अधिक ऑडियो बुक्स तैयार करने की दिशा में कार्य किया जा रहा है। इस अभिनव अभियान की शुरुआत 5 अक्टूबर 2024 को राष्ट्रपति पुरस्कृत शिक्षिका सुश्री के. शारदा के नेतृत्व में हुई थी। सुश्री शारदा स्वयं अब तक 1,800 से अधिक ऑडियो बुक्स तैयार कर चुकी हैं।

उनके नेतृत्व में छत्तीसगढ़ के विभिन्न जिलों के 30 शिक्षक-शिक्षिकाएं अपने नियमित शैक्षणिक दायित्वों के साथ ऑडियो बुक तैयार करने के कार्य में योगदान दे रहे हैं। पाठ्यक्रम आधारित और विद्यार्थियों के लिए उपयोगी अध्ययन सामग्री को ऑडियो के रूप में उपलब्ध कराने की यह पहल शिक्षा को अधिक सुलभ बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

समान अवसर देकर आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में पहल

राज्यपाल श्री डेका ने कहा कि शिक्षा का लाभ समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचना चाहिए। दृष्टिबाधित विद्यार्थियों के लिए ऑडियो के माध्यम से अध्ययन सामग्री उपलब्ध कराना उन्हें आत्मनिर्भर बनाने और शिक्षा के समान अवसर प्रदान करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने कहा कि ऐसे प्रयासों का विस्तार किया जाना चाहिए, ताकि अधिक से अधिक दृष्टिबाधित विद्यार्थी इसका लाभ उठा सकें और शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़ सकें।

चैनल को 8 लाख से अधिक बार देखा गया

वर्ल्ड ऑडियो बुक चैनल पर 107 से अधिक प्लेलिस्ट उपलब्ध हैं और इसे अब तक 8 लाख से अधिक बार देखा जा चुका है। टीम द्वारा विद्यार्थियों की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए पाठ्यक्रम आधारित तथा उपयोगी अध्ययन सामग्री तैयार की जा रही है।

इस अवसर पर गोल्डन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स की छत्तीसगढ़ हेड डॉ. सोनल राजेश शर्मा सहित वर्ल्ड ऑडियो बुक टीम के सभी सदस्य उपस्थित रहे।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS