Explore

Search

August 30, 2026 4:09 pm

एक दिन में 101 वारंट तामील, हथियारों के साथ पांच पकड़े गए

CBN36 दुर्ग। लंबित न्यायालयीन वारंटों की तामिली और असामाजिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने दुर्ग पुलिस ने शनिवार को विशेष अभियान चलाया। ACCU और जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों की टीमों ने कार्रवाई करते हुए एक दिन में 101 लंबित वारंट तामील किए। वहीं मोहननगर थाना क्षेत्र में धारदार हथियार लेकर घूम रहे पांच लोगों को पकड़ा गया। इनमें तीन बालिग और दो विधि से संघर्षरत बालक हैं। इनके कब्जे से कुल 10 धारदार हथियार बरामद किए गए।

पुलिस के अनुसार, वारंट तामिली अभियान का उद्देश्य लंबे समय से लंबित न्यायालयीन वारंटों की प्रभावी तामिली सुनिश्चित करना और न्यायालयीन प्रक्रिया को गति देना था। पुलिस टीमों ने वारंटियों की पहचान और पतासाजी के लिए न्यायालयीन अभिलेखों, स्थानीय सूचना तंत्र और संभावित ठिकानों की जानकारी जुटाई। इसके बाद अलग-अलग स्थानों पर दबिश देकर वारंटियों को अभिरक्षा में लिया गया। सभी को संबंधित न्यायालय में पेश किया गया, जहां न्यायालयीन आदेश के अनुसार उन्हें जेल भेजा गया।

दुर्ग थाने से सबसे ज्यादा 23 वारंट तामील

अभियान में थाना दुर्ग क्षेत्र से सबसे अधिक 23 वारंट तामील किए गए। इसके अलावा छावनी से 15, मोहननगर से 10, खुर्सीपार से 9, भिलाई भट्टी से 6, पुरानी भिलाई से 6 और नेवई से 6 वारंट तामील हुए। पद्मनाभपुर से 4, सुपेला/स्मृति नगर से 4, उतई से 4, कुम्हारी से 3, भिलाई नगर से 3, जामुल से 3, नंदिनी नगर से 2 और वैशाली नगर से एक वारंट तामील किया गया।

चेकिंग के दौरान हथियारों के साथ पांच पकड़े

इधर, अपराधों की रोकथाम के लिए मोहननगर थाना क्षेत्र में चल रही लगातार चेकिंग के दौरान पुलिस ने पांच लोगों को धारदार हथियारों के साथ पकड़ा। पुलिस के मुताबिक, पकड़े गए लोगों में जितेंद्र मरकाम (24), निवासी बजरंग नगर कंदरा पारा, शैलेश देशमुख (22), निवासी गया नगर और जय देशमुख (21), निवासी बजरंग नगर कंदरा पारा शामिल हैं। इनके साथ दो विधि से संघर्षरत बालक भी पकड़े गए हैं।

पुलिस ने सभी के कब्जे से कुल 10 धारदार हथियार जब्त किए। हथियार रखने के संबंध में संबंधित प्रकरणों में आर्म्स एक्ट के तहत वैधानिक कार्रवाई की गई है।

अपराध से पहले रोकथाम पर जोर

दुर्ग पुलिस का कहना है कि सार्वजनिक स्थानों पर अड्डेबाजी, संदिग्ध गतिविधियों और हथियार लेकर घूमने वालों के खिलाफ लगातार चेकिंग और पेट्रोलिंग की जा रही है। पुलिस टीमों को निर्देशित किया गया है कि संदिग्ध गतिविधियों की सूचना मिलने पर तत्काल कार्रवाई की जाए, ताकि किसी वारदात के होने से पहले ही उसे रोका जा सके।

पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि किसी व्यक्ति के पास हथियार होने, संदिग्ध गतिविधि या न्यायालयीन वारंट से संबंधित जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचना दें और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS