Explore

Search

August 30, 2026 12:34 pm

उपद्रवियों पर शिकंजा कसने की तैयारी, कलेक्टर-एसएसपी के सख्त तेवर से मचा हड़कंप; पहचान कर पूछताछ जारी

CBN36 बिलासपुर। शहर में शांति और कानून-व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश करने वाले उपद्रवी तत्वों पर अब पुलिस-प्रशासन ने शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। घटना के बाद कलेक्टर संजय अग्रवाल और एसएसपी रजनेश सिंह के सख्त तेवर से उपद्रवियों में हड़कंप मचा हुआ है। पुलिस ने उपद्रव के दौरान मौजूद लोगों की पहचान शुरू कर दी है और संदिग्धों से पूछताछ का सिलसिला जारी है।

प्रशासन ने स्पष्ट कर दिया है कि शहर की शांति और सामाजिक सौहार्द से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। घटना के दौरान पुलिस टीम पर पथराव और कानून-व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधिकारियों ने मौके पर मौजूद लोगों की गतिविधियों और उनकी भूमिका की बारीकी से जांच शुरू कर दी है।

सीसीटीवी और अन्य माध्यमों से जुटाए जा रहे साक्ष्य

पुलिस द्वारा घटना से जुड़े वीडियो फुटेज, सीसीटीवी कैमरों और अन्य उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर उपद्रव में शामिल लोगों की पहचान की जा रही है। जिन लोगों की भूमिका संदिग्ध पाई जा रही है, उनसे पूछताछ की जा रही है। पुलिस का फोकस यह पता लगाने पर है कि पथराव और उपद्रव में कौन-कौन लोग शामिल थे और घटना के पीछे किसकी भूमिका रही।

पुलिसकर्मियों पर पथराव के बाद भी नहीं डिगा हौसला

मारपीट की सूचना पर पहुंची पुलिस टीम ने दोनों पक्षों को शांत कराने और स्थिति नियंत्रित करने का प्रयास किया था। इसी दौरान कुछ लोगों द्वारा पुलिस टीम पर पथराव किया गया, जिसमें कई पुलिसकर्मी घायल हुए। विषम परिस्थितियों के बावजूद पुलिस ने संयम और साहस के साथ मोर्चा संभाला और स्थिति को नियंत्रण में लिया।

प्रशासन की दो टूक-शांति भंग करने वालों पर होगी कड़ी कार्रवाई

कलेक्टर संजय अग्रवाल और एसएसपी रजनेश सिंह ने स्पष्ट संदेश दिया है कि कानून हाथ में लेने वालों और शहर का माहौल बिगाड़ने की कोशिश करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन की निगाह अब उन तत्वों पर है, जो अफवाह, उपद्रव या किसी भी तरह की असामाजिक गतिविधि के जरिए माहौल खराब करने का प्रयास कर रहे हैं।

इधर, पुलिस की कार्रवाई तेज होने के बाद उपद्रवी तत्वों में हड़कंप की स्थिति है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच में जो भी व्यक्ति दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी। शहर में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल लगातार सतर्क है और संवेदनशील क्षेत्रों में निगरानी बढ़ा दी गई है।

धारा 144 के बीच प्रशासन की सख्ती

शहर में लागू प्रतिबंधात्मक आदेशों के बीच प्रशासन ने लोगों से शांति और संयम बनाए रखने की अपील की है। अधिकारियों ने साफ किया है कि किसी भी प्रकार की अफवाह या भड़काऊ गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। पुलिस की कार्रवाई का संदेश साफ है-कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों की पहचान होगी और दोषियों पर कार्रवाई तय है।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS