CBN36 बिलासपुर। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे द्वारा रेल संरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए रेल पथ, स्लीपर एवं टर्नआउट नवीनीकरण कार्यों को लगातार गति दी जा रही है। इन कार्यों का उद्देश्य रेल पथ की गुणवत्ता एवं विश्वसनीयता बढ़ाने के साथ सुरक्षित और सुचारु रेल परिचालन सुनिश्चित करना तथा यात्रियों को बेहतर एवं आरामदायक यात्रा सुविधा उपलब्ध कराना है।
गत वित्तीय वर्ष 2025-26 में दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के अंतर्गत रेल एवं स्लीपर नवीनीकरण के तहत 357.66 सीटीआर यूनिट रेल पथ का नवीनीकरण किया गया। वहीं वर्तमान वित्तीय वर्ष 2026-27 में 1 अप्रैल से 31 जुलाई 2026 तक 116 सीटीआर यूनिट रेल पथ का नवीनीकरण पूरा किया जा चुका है।
रेल पथ नवीनीकरण के दौरान पुराने अथवा निर्धारित अवधि पूर्ण कर चुके रेल, स्लीपर तथा आवश्यक संयोजक एवं फिटिंग उपकरणों को बदला जाता है। इससे रेल पथ की मजबूती, स्थायित्व और विश्वसनीयता में वृद्धि होती है तथा सुरक्षित रेल परिचालन को मजबूती मिलती है।
इसी प्रकार, ट्रेनों को एक रेल मार्ग से दूसरे रेल मार्ग पर ले जाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले टर्नआउटों के नवीनीकरण पर भी विशेष जोर दिया जा रहा है। वित्तीय वर्ष 2025-26 में 459.50 भारित संख्या के टर्नआउट का नवीनीकरण किया गया। वर्तमान वित्तीय वर्ष 2026-27 में 1 अप्रैल से 31 जुलाई 2026 तक 117.50 भारित संख्या के टर्नआउट नवीनीकरण कार्य पूरे किए जा चुके हैं।
दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे द्वारा आधुनिक एवं सुदृढ़ रेल अवसंरचना के निर्माण के साथ-साथ नियमित रखरखाव और नवीनीकरण कार्यों को प्राथमिकता दी जा रही है। इससे रेल संरक्षा को और मजबूत करने, निर्बाध रेल परिचालन सुनिश्चित करने तथा यात्रियों को अधिक सुरक्षित, सुगम एवं आरामदायक यात्रा अनुभव प्रदान करने में महत्वपूर्ण सहायता मिल रही है।
दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे सुरक्षित, संरक्षित एवं विश्वसनीय रेल सेवाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से रेल अवसंरचना के विकास, रखरखाव एवं नवीनीकरण कार्यों को निरंतर गति प्रदान कर रहा है।
प्रधान संपादक




