“दो लोगों के पुराने व्यक्तिगत विवाद के बाद दोनों पक्षों में जमकर पथराव, गाड़ियों में तोड़फोड़; कलेक्टर-एसएसपी ने मौके पर पहुंचकर संभाली कमान,बलवा समेत कई अन्य धाराओं में मामला दर्ज”
“मामले को सांप्रदायिक रंग देने की कोशिश, पुलिस ने वीडियो फुटेज से उपद्रवियों की पहचान शुरू की; एसएसपी कलेक्टर बोले- किसी आरोपी को नहीं बख्शेंगे,खपरगंज में फिलहाल शांति, चप्पे-चप्पे पर पुलिस की नजर”
CBN36 बिलासपुर। दो लोगों के बीच पुराना व्यक्तिगत विवाद देखते ही देखते इतना बढ़ गया कि खपरगंज इलाके में दो पक्ष आमने-सामने आ गए। दोनों ओर से जमकर पथराव हुआ। स्थिति बिगड़ने पर पुलिस को बल प्रयोग के साथ आंसू गैस के गोले छोड़ने पड़े। घटना के बाद पूरे इलाके को छावनी में तब्दील कर दिया गया है। करीब 700 जवानों को तैनात किया गया है। कलेक्टर संजय अग्रवाल और एसएसपी रजनेश सिंह स्वयं मौके पर पहुंचकर स्थिति पर नजर रख रहे हैं और क्षेत्र में पेट्रोलिंग कर रहे हैं।
सांप्रदायिक रंग देने की कोशिश, प्रशासन ने संभाली स्थिति

घटना को कुछ लोगों द्वारा सांप्रदायिक रंग देने का प्रयास भी किया गया। हालांकि, कलेक्टर और एसएसपी ने मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए तत्काल मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाला। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि विवाद की मूल वजह दो लोगों के बीच पुराना व्यक्तिगत विवाद है।
पत्थर लगने के बाद बुलाए साथी, फिर दोनों पक्षों में पथराव

एसएसपी रजनेश सिंह के मुताबिक, दो लोगों के बीच पुराने विवाद को लेकर पहले एक व्यक्ति ने दूसरे पर पत्थर मार दिया। इसके बाद उसने अपने साथियों को फोन कर मौके पर बुलाया। साथियों के पहुंचने के बाद खपरगंज में पथराव शुरू हो गया। इसी दौरान दूसरे पक्ष के लोग भी मौके पर पहुंच गए और दोनों ओर से जमकर पत्थरबाजी होने लगी।
करीब 700 जवान तैनात, दूसरे जिलों से भी मंगाई गई फोर्स
हालात को देखते हुए पुलिस ने भारी संख्या में बल तैनात किया है। दूसरे जिलों से भी अतिरिक्त पुलिस बल बुलाया गया है। पुलिस लगातार इलाके में पेट्रोलिंग कर रही है। कलेक्टर और एसएसपी स्वयं भी क्षेत्र में घूमकर स्थिति का जायजा ले रहे हैं। अधिकारियों के मुताबिक फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है।
एसएसपी बोले- आरोपियों को किसी भी सूरत में नहीं बख्शेंगे
एसएसपी रजनेश सिंह ने कहा कि घटना में शामिल किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा। मामले में प्रकरण दर्ज कर आरोपियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने घटना के दौरान के वीडियो भी बनाए हैं और फुटेज के आधार पर असामाजिक तत्वों की पहचान कर उनसे पूछताछ की जा रही है।
गाड़ियों में तोड़फोड़, पुलिसकर्मी भी घायल
हंगामे के दौरान सड़क किनारे खड़ी कुछ गाड़ियों में भी तोड़फोड़ की गई। पथराव में कुछ पुलिसकर्मियों के घायल होने की भी जानकारी सामने आई है। पुलिस अब उपद्रव में शामिल लोगों की पहचान कर रही है।
कलेक्टर बोले- बिलासपुर भाईचारे का शहर, उपद्रवियों पर होगी सख्त कार्रवाई

कलेक्टर संजय अग्रवाल ने कहा कि व्यक्तिगत और पुराने विवाद के कारण इतनी बड़ी घटना हुई है। उन्होंने कहा कि बिलासपुर भाईचारे के लिए जाना जाता है। जो स्थिति निर्मित हुई है, उसमें कानून हाथ में लेने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन की प्राथमिकता शहर में शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखना है।
खपरगंज में फिलहाल शांति, चप्पे-चप्पे पर पुलिस की नजर

घटना के बाद खपरगंज और आसपास के इलाकों में पुलिस बल की तैनाती बढ़ा दी गई है। पुलिस की टीमें लगातार पेट्रोलिंग कर रही हैं। प्रशासन ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और शांति बनाए रखने की अपील की है।
प्रधान संपादक




