Explore

Search

August 27, 2026 6:43 pm

राज्यस्तरीय आर्ट रिपोजेटरी कार्यशाला में रायगढ़ के दो लेखकों ने लिया हिस्सा

एससीईआरटी रायपुर की तीन दिवसीय कार्यशाला संपन्न, छत्तीसगढ़ की कला, साहित्य, संस्कृति और इतिहास पर तैयार किए गए आलेख व लघु फिल्म की स्क्रिप्ट

CBN36 रायगढ़। राज्य शैक्षिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद (एससीईआरटी), रायपुर की ओर से आयोजित तीन दिवसीय राज्यस्तरीय कला लेखन एवं लघु फिल्म निर्माण कार्यशाला का 26 अगस्त को समापन हुआ। 24 से 26 अगस्त तक चली कार्यशाला में छत्तीसगढ़ की कला, साहित्य, संस्कृति, इतिहास और महान विभूतियों से जुड़े विषयों पर लेखन कार्य किया गया। प्रदेशभर से 100 से अधिक लेखकों ने इसमें हिस्सा लिया।

कार्यशाला में लेखकों ने विभिन्न विषयों पर आलेख तैयार किए। इसके बाद अलग-अलग समूहों में उन पर चर्चा की गई। प्रतिष्ठित लेखकों को ग्रुप मेंटर की जिम्मेदारी दी गई थी। उन्होंने आलेखों की समीक्षा कर आवश्यक सुधार के लिए लेखकों को सुझाव दिए। संशोधन के बाद आलेखों पर दोबारा चर्चा कर उन्हें अंतिम रूप दिया गया।

कक्षा 6वीं से 12वीं के विद्यार्थियों के लिए तैयार होगी सामग्री

कार्यशाला में तैयार किए गए आलेखों को पुस्तकाकार रूप में कक्षा 6वीं से 12वीं तक के विद्यार्थियों के लिए तैयार किया जाएगा। इन्हीं विषयों पर 8 से 10 मिनट की लघु फिल्मों का भी निर्माण किया जाएगा। इसके लिए लेखकों ने अपने विषयों पर फिल्म की स्क्रिप्ट भी तैयार की, जिसे एससीईआरटी को संबंधित समन्वयकों के माध्यम से सौंपा गया।

छेरछेरा और मुकुटधर पांडेय पर लिखे आलेख

कार्यशाला में रायगढ़ से लेखक रमेश शर्मा और बसंत राघव ने हिस्सा लिया। रमेश शर्मा ने ‘पर्व’ शीर्षक के अंतर्गत छत्तीसगढ़ के लोकपर्व छेरछेरा पर आलेख और लघु फिल्म की स्क्रिप्ट तैयार की। वहीं बसंत राघव ने पद्मश्री मुकुटधर पांडेय के व्यक्तित्व और कृतित्व पर केंद्रित आलेख एवं स्क्रिप्ट तैयार की।

वरिष्ठ साहित्यकारों और विशेषज्ञों ने दिया मार्गदर्शन

कार्यशाला में वरिष्ठ साहित्यकार सतीश जायसवाल, डॉ. सुशील त्रिवेदी, सुभाष मिश्र, एससीईआरटी के अतिरिक्त संचालक एवं वरिष्ठ लेखक जयप्रकाश रथ, डॉ. चितरंजन कर, डॉ. संजय अलंग सहित अनेक लेखक और बुद्धिजीवी मौजूद रहे।

लघु फिल्मों के निर्माण के लिए लेखकों को आवश्यक दिशा-निर्देश देने के उद्देश्य से पत्रकार सत्या राजपूत, फिल्म निर्माण क्षेत्र के विशेषज्ञ चुन्नी लाल शर्मा, दूरदर्शन के प्रतिनिधि और कुछ यू-ट्यूबर्स भी कार्यशाला में शामिल हुए। उन्होंने स्क्रिप्ट लेखन और फिल्म निर्माण से जुड़े महत्वपूर्ण सुझाव दिए।

रायगढ़ के दोनों लेखकों का हुआ सम्मान

कार्यशाला के दौरान लेखकों के सहयोग और सहभागिता के लिए एससीईआरटी की ओर से सम्मान समारोह भी आयोजित किया गया। इसमें रायगढ़ से शामिल लेखक रमेश शर्मा और बसंत राघव को भी सम्मानित किया गया। मंच पर मौजूद वरिष्ठ पत्रकार एवं दैनिक आज की जनधारा के प्रधान संपादक सुभाष मिश्र ने दोनों लेखकों का सम्मान किया।

तीन पीढ़ियों के लेखकों का एक मंच पर आना खास

कार्यशाला की खास बात यह रही कि छत्तीसगढ़ में पहली बार इस स्तर पर 100 से अधिक लेखक एक साथ कला, साहित्य, संस्कृति और इतिहास से जुड़ी सामग्री तैयार करने के लिए जुटे। इसमें लेखकों की तीन पीढ़ियां एक साथ काम करती नजर आईं। विद्यार्थियों के लिए तैयार होने वाली यह सामग्री भविष्य में छत्तीसगढ़ की कला, संस्कृति और विरासत को समझने में उपयोगी साबित होगी। इसे प्रदेश में शैक्षिक सामग्री निर्माण की दिशा में महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS