Explore

Search

August 27, 2026 5:00 pm

एलसीआईटी में आईजी रेंज गर्ग की युवा पाठशाला , बोले- अपनी लकीर लंबी खींचो, मेहनत और अनुशासन से हासिल होगी मंजिल

एलसीआईटी कॉलेज में ‘वेनिस कार्निवल’ का भव्य आयोजन, नवागत विद्यार्थियों का किया स्वागत

CBN36 बिलासपुर। एलसीआईटी कॉलेज ऑफ कॉमर्स एंड साइंस में नवागत विद्यार्थियों के स्वागत के लिए मंगलवार को ‘वेनिस कार्निवल- द वेलकम गाला’ का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि बिलासपुर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक आईपीएस रामगोपाल गर्ग ने विद्यार्थियों को सफलता और बेहतर जीवन निर्माण के कई महत्वपूर्ण मंत्र दिए। उन्होंने कहा कि विद्यार्थी अपनी पहचान केवल अंकों से नहीं, बल्कि चरित्र, अनुशासन, ज्ञान और सही सवाल पूछने की क्षमता से बनाएं।

कार्यक्रम का शुभारंभ आईजी गर्ग ने मां सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन एवं पूजा-अर्चना के साथ किया। राष्ट्रगीत और राज्यगीत के बाद कॉलेज प्रबंधन ने उनका श्रीफल, पौधा, शॉल और स्मृति चिह्न भेंटकर स्वागत किया।

दूसरे की लकीर छोटी करने के बजाय अपनी लकीर लंबी करें

विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए आईजी गर्ग ने कहा कि जीवन में आगे बढ़ने के लिए दूसरों से ईर्ष्या करने के बजाय स्वयं को बेहतर बनाने पर ध्यान देना चाहिए। दूसरे की लकीर छोटी करने के बजाय अपनी लकीर लंबी खींचने की कोशिश करें। उन्होंने विद्यार्थियों से ज्ञान अर्जित करने के साथ उसे दूसरों के साथ साझा करने और जरूरतमंद सहपाठियों की मदद करने की अपील की।

उन्होंने कहा कि कठिन परिश्रम का कोई विकल्प नहीं है, लेकिन मेहनत के साथ स्मार्ट वर्क, एकाग्रता और सही रणनीति भी जरूरी है। समय के महत्व को रेखांकित करते हुए उन्होंने विद्यार्थियों से कहा कि बीता हुआ समय कभी वापस नहीं आता, इसलिए हर क्षण का सदुपयोग करें।

मानविकी विषयों को बताया प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए महत्वपूर्ण

आईजी गर्ग ने कला एवं मानविकी विषयों की उपयोगिता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि इतिहास, भूगोल, समाजशास्त्र, हिंदी-अंग्रेजी सहित भाषाओं और अर्थशास्त्र का अध्ययन विद्यार्थियों के ज्ञान को व्यापक बनाता है। इन विषयों की प्रशासनिक सेवाओं, पुलिस सेवाओं और UPSC-CGPSC सहित विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में महत्वपूर्ण भूमिका है।

हेलमेट चालान से बचने के लिए नहीं, जीवन बचाने के लिए पहनें

यातायात सुरक्षा को लेकर आईजी गर्ग ने युवाओं को विशेष रूप से जागरूक किया। उन्होंने कहा कि दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट केवल पुलिस के चालान से बचने के लिए नहीं, बल्कि अपनी और अपने परिवार की जिंदगी सुरक्षित रखने के लिए पहनना चाहिए। उन्होंने युवाओं से अधिकारों के साथ नागरिक कर्तव्यों को भी पूरी जिम्मेदारी से निभाने का आह्वान किया।

रिसर्च से सामाजिक समस्याओं के समाधान में मिल सकती है मदद

आईजी गर्ग ने कहा कि शोध को केवल विज्ञान के विषयों तक सीमित नहीं समझना चाहिए। समाजशास्त्र के विद्यार्थी नशे और ड्रग्स जैसी सामाजिक बुराइयों के प्रभावों पर शोध कर सरकार की नीति निर्माण प्रक्रिया में महत्वपूर्ण योगदान दे सकते हैं। उन्होंने युवाओं में राष्ट्रप्रेम और सकारात्मक सोच विकसित करने के लिए प्रेरणादायक फिल्में एवं सकारात्मक सामग्री देखने का सुझाव भी दिया।

उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले एनसीसी कैडेट सम्मानित

कार्यक्रम के दौरान आईजी रामगोपाल गर्ग ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले एनसीसी छात्र-छात्राओं को प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने विभिन्न मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर समां बांध दिया।

इस अवसर पर एलसीआईटी के चेयरमैन प्रमोद जैन, ट्रस्टी, कॉलेज के पदाधिकारी, विभागाध्यक्ष, एनसीसी अधिकारी, संकाय सदस्य और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। समापन पर चेयरमैन प्रमोद जैन ने मुख्य अतिथि का आभार व्यक्त किया।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS