वित्तीय धोखाधड़ी और UPI सुरक्षा को लेकर कोतरारोड़ पुलिस ने दी जानकारी, ठगी होने पर 1930 पर शिकायत की अपील
CBN36 रायगढ़। छत्तीसगढ़ पुलिस के साइबर जागृति अभियान के तहत कोतरारोड़ पुलिस ने थाना क्षेत्र के ग्राम कोटवारों को साइबर अपराध और ऑनलाइन ठगी से बचाव के उपायों की जानकारी दी। पुलिस ने कोटवारों से गांव-गांव जाकर ग्रामीणों को साइबर अपराध के प्रति जागरूक करने की अपील की।
छत्तीसगढ़ पुलिस की ओर से 15 अगस्त से 2 अक्टूबर 2026 तक साइबर जागृति अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के दूसरे सप्ताह में 23 से 29 अगस्त तक वित्तीय धोखाधड़ी और UPI सुरक्षा को लेकर विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
कोटवारों को दी गई सावधानी बरतने की सलाह
थाना प्रभारी कोतरारोड़ निरीक्षक शील आदित्य सिंह ने ग्राम कोटवारों को समझाया कि बैंकिंग और ऑनलाइन लेनदेन के दौरान विशेष सावधानी बरतना जरूरी है। किसी अनजान व्यक्ति के साथ बैंक खाते या डिजिटल भुगतान से जुड़ी गोपनीय जानकारी साझा नहीं करनी चाहिए।
पुलिस ने बताया कि OTP, ATM PIN, UPI PIN, CVV, पासवर्ड और बैंक खाते की जानकारी किसी भी व्यक्ति से साझा न करें। बैंक अधिकारी, पुलिस अधिकारी या किसी संस्था का कर्मचारी बनकर फोन करने वालों से भी सतर्क रहने की सलाह दी गई।
संदिग्ध लिंक और QR कोड से रहें सावधान
पुलिस ने फर्जी कॉल और मैसेज के साथ-साथ संदिग्ध लिंक पर क्लिक करने से बचने की अपील की। अनजान व्यक्ति की ओर से भेजे गए QR कोड को स्कैन नहीं करने और सुरक्षित बैंकिंग के दौरान सावधानी बरतने की समझाइश दी गई।
ठगी होने पर तुरंत करें शिकायत
पुलिस ने कहा कि यदि किसी व्यक्ति के साथ साइबर ठगी हो जाती है तो बिना देरी किए साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल कर शिकायत दर्ज कराएं। समय पर शिकायत करने से ठगी गई रकम को रोकने की संभावना बढ़ सकती है।
पुलिस और ग्रामीणों के बीच कड़ी हैं कोटवार
थाना प्रभारी निरीक्षक शील आदित्य सिंह ने कोटवारों से कहा कि वे पुलिस और आमजन के बीच महत्वपूर्ण कड़ी हैं। गांवों में होने वाली बैठकों और जनसंपर्क के दौरान ग्रामीणों को साइबर अपराध से बचाव के उपायों की जानकारी देकर जागरूकता का संदेश अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाएं।
रायगढ़ पुलिस ने अपील की है कि सावधानी ही साइबर अपराध से बचाव का सबसे प्रभावी उपाय है। OTP, PIN और बैंकिंग संबंधी गोपनीय जानकारी किसी से साझा न करें तथा साइबर ठगी होने पर तुरंत 1930 पर कॉल करें।
प्रधान संपादक




