Explore

Search

August 16, 2026 7:02 pm

बिलासपुर रेलवे स्टेशन पर आरपीएफ बैंड ने बांधा देशभक्ति का समां

वंदे मातरम् की 150वीं वर्षगांठ और स्वतंत्रता दिवस की संध्या पर हुआ भव्य आयोजन

CBN36 बिलासपुर। वंदे मातरम् गीत की 150वीं वर्षगांठ और स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर बिलासपुर रेलवे स्टेशन में शनिवार शाम देशभक्ति का रंग देखने को मिला। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे की ओर से स्टेशन के वीआईपी गेट नंबर-2 के सामने डोम परिसर में रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) की ब्रास बैंड टीम ने शानदार प्रस्तुति दी। शाम 6.45 से रात 8 बजे तक चले कार्यक्रम में यात्रियों और स्थानीय नागरिकों ने देशभक्ति गीतों की धुनों का आनंद लिया।

देशभक्ति गीतों से गूंजा स्टेशन परिसर

आरपीएफ बैंड टीम ने ‘वंदे मातरम्’, ‘दिल दिया है जान भी देंगे’, ‘ऐ वतन ऐ वतन हमको तेरी कसम’, ‘कदम कदम बढ़ाए जा’, ‘ऐ मेरे वतन के लोगों’, ‘आओ बच्चों तुम्हें दिखाएं झांकी हिंदुस्तान की’, ‘ये देश है वीर जवानों का’ और ‘सारे जहां से अच्छा’ समेत कई लोकप्रिय देशभक्ति गीतों और धुनों की प्रस्तुति दी। जोशीली धुनों से स्टेशन परिसर में राष्ट्रप्रेम और उत्साह का माहौल बन गया।

राष्ट्रगीत और राष्ट्रगान के साथ हुआ समापन

कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगीत और राष्ट्रगान की प्रस्तुति के साथ हुआ। इस दौरान पूरा परिसर देशभक्ति और राष्ट्रगौरव की भावना से गूंज उठा। यात्रियों और स्थानीय लोगों ने आरपीएफ बैंड की प्रस्तुतियों की जमकर सराहना की।

रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी रहे मौजूद

कार्यक्रम में दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के महाप्रबंधक तरुण प्रकाश मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे महिला कल्याण संगठन की अध्यक्षा मीनाक्षी शर्मा विशिष्ट अतिथि रहीं। इनके अलावा आरपीएफ के महानिरीक्षक-सह-प्रधान मुख्य सुरक्षा आयुक्त, उप महानिरीक्षक-सह-मुख्य सुरक्षा आयुक्त, मुख्यालय और मंडल के वरिष्ठ अधिकारी, वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त समेत रेलवे सुरक्षा बल, शासकीय रेलवे पुलिस और रेलवे कर्मचारी उपस्थित रहे।

सुरक्षा व्यवस्था रही चाक-चौबंद

कार्यक्रम के दौरान रेलवे स्टेशन परिसर में सुरक्षा और यातायात व्यवस्था सुचारू रही। आयोजन शांतिपूर्ण और व्यवस्थित माहौल में संपन्न हुआ।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS