Explore

Search

August 16, 2026 7:01 pm

साइबर अपराध के खिलाफ मुंगेली पुलिस का अभियान, सात सप्ताह तक चलेगा जागरूकता कार्यक्रम

2 अक्टूबर तक चलेगा ‘साइबर जागृति अभियान’, एसएसपी भोजराम पटेल ने किया जिला स्तरीय शुभारंभ

CBN36 मुंगेली। साइबर अपराधों से आमजन को बचाने और डिजिटल सुरक्षा के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से छत्तीसगढ़ पुलिस का प्रदेशव्यापी ‘साइबर जागृति अभियान’ शुरू हो गया है। मुंगेली जिले में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल के मार्गदर्शन में अभियान का जिला स्तरीय शुभारंभ किया गया। इस दौरान अभियान के लोगो और क्यूआर कोड का विमोचन किया गया।

साइबर सुरक्षा का संदेश देने के लिए ‘एक सेल्फी’ अभियान

‘साइबर जागृति की एक सेल्फी’ अभियान की मुख्य थीम है। नागरिक क्यूआर कोड स्कैन कर सेल्फी फ्रेम में फोटो लेकर सोशल मीडिया पर शेयर करेंगे। इसके जरिए साइबर अपराध से बचाव का संदेश अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाया जाएगा।

एसएसपी ने बताए साइबर ठगी से बचने के उपाय

प्रेस वार्ता में एसएसपी भोजराम पटेल ने साइबर अपराध के बदलते तरीकों और उनसे बचाव के उपायों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि साइबर अपराध के खिलाफ लड़ाई में जनभागीदारी बेहद जरूरी है। समाज के हर वर्ग को जागरूक होकर साइबर सुरक्षा का संदेश आगे बढ़ाना होगा।

स्कूल-कॉलेज से लेकर पंचायतों तक चलेगा अभियान

15 अगस्त से शुरू शुरू हुआ यह अभियान 2 अक्टूबर तक सात सप्ताह में अलग-अलग वर्गों और संस्थानों को केंद्रित कर जागरूकता कार्यक्रम होंगे। स्कूल-कॉलेजों में डिजिटल सुरक्षा, बैंकों के सहयोग से यूपीआई और वित्तीय धोखाधड़ी, वरिष्ठ नागरिकों के बीच डिजिटल अरेस्ट और फर्जी कॉल तथा युवाओं के बीच जॉब फ्रॉड और फिशिंग जैसे विषयों पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

पहले सप्ताह डिजिटल सुरक्षा, दूसरे में यूपीआई फ्रॉड पर जोर

पहले सप्ताह विद्यार्थियों को डिजिटल सतर्कता और ऑनलाइन सुरक्षा की जानकारी दी जाएगी। दूसरे सप्ताह वित्तीय धोखाधड़ी, यूपीआई फ्रॉड और सुरक्षित डिजिटल लेनदेन को लेकर अभियान चलेगा।

वरिष्ठ नागरिकों को डिजिटल अरेस्ट से किया जाएगा जागरूक

तीसरे सप्ताह टाउन हॉल और अन्य जागरूकता कार्यक्रमों के जरिए वरिष्ठ नागरिकों को डिजिटल अरेस्ट, फर्जी कॉल और ऑनलाइन ठगी के नए तरीकों से बचने की जानकारी दी जाएगी।

महिलाओं और युवाओं के लिए भी विशेष जागरूकता कार्यक्रम

चौथे सप्ताह महिला कॉलेजों और सामुदायिक समूहों में स्मार्टफोन प्राइवेसी और सुरक्षित ब्राउजिंग की जानकारी दी जाएगी। पांचवें सप्ताह युवाओं को जॉब फ्रॉड, फिशिंग और ऑनलाइन रोजगार के नाम पर होने वाली ठगी से बचाव के उपाय बताए जाएंगे।

सोशल मीडिया पर डेटा प्राइवेसी का संदेश

छठे सप्ताह डेटा प्राइवेसी और सोशल मीडिया के सुरक्षित एवं जिम्मेदार इस्तेमाल को लेकर जागरूकता अभियान चलाया जाएगा। पुलिस की ओर से सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म और व्हॉट्सऐप समूहों के जरिए भी साइबर सुरक्षा संबंधी संदेश प्रसारित किए जाएंगे।

गांधी जयंती पर लिया जाएगा ‘साइबर मुक्त छत्तीसगढ़’ का संकल्प

सातवें सप्ताह ग्राम पंचायतों और नगरीय निकायों में गांधी जयंती के अवसर पर ‘साइबर मुक्त छत्तीसगढ़’ संकल्प अभियान आयोजित होगा। 2 अक्टूबर को प्रदेशव्यापी अभियान का समापन किया जाएगा।

चौक-चौराहों और बाजारों में भी होगा प्रचार

मुंगेली पुलिस की जिला स्तरीय टीम और थाना पुलिस सार्वजनिक स्थानों, बाजारों, चौक-चौराहों और पार्कों में पोस्टर-बैनर के माध्यम से अभियान का प्रचार करेगी। क्यूआर कोड के जरिए लोगों को अभियान से जुड़ने और ‘साइबर जागृति की एक सेल्फी’ सोशल मीडिया पर शेयर करने के लिए प्रेरित किया जाएगा।

ठगी होने पर तुरंत 1930 पर करें कॉल

पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे किसी अनजान व्यक्ति के साथ ओटीपी या बैंक संबंधी जानकारी साझा न करें। अनजान लिंक या एपीके फाइल पर क्लिक करने और अनजान व्हॉट्सऐप वीडियो कॉल का जवाब देने से बचें। साइबर ठगी होने पर बिना देरी किए साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर सूचना दें।

एसएसपी की अपील-साइबर अपराध के खिलाफ एकजुट हों

एसएसपी भोजराम पटेल ने कहा कि साइबर अपराध के खिलाफ लड़ाई केवल पुलिस की जिम्मेदारी नहीं है। इसमें समाज के प्रत्येक नागरिक की भागीदारी जरूरी है। उन्होंने जिलेवासियों से अभियान में अधिक से अधिक संख्या में जुड़ने और साइबर सुरक्षा का संदेश जन-जन तक पहुंचाने की अपील की।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS