Explore

Search

September 20, 2026 5:51 pm

चाकू की नोक पर बिरयानी दुकानदार से लूट, नाबालिग समेत दो आरोपी गिरफ्तार

मुंगेली। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल के निर्देश पर सिटी कोतवाली पुलिस ने चाकू की नोक पर बिरयानी दुकानदार से लूट करने वाले एक युवक और एक विधि से संघर्षरत बालक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से वारदात में प्रयुक्त चाकू और लूट की रकम में से 2400 रुपये बरामद किए हैं। आरोपी युवक को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है, जबकि विधि से संघर्षरत बालक को बाल संप्रेक्षण गृह भेजा गया।

पुलिस के अनुसार दाउपारा निवासी फरहाद अख्तर उर्फ सोहेल (33) ने शिकायत दर्ज कराई थी कि 28 जुलाई की रात करीब 11 बजे वह अपनी बिरयानी दुकान बंद कर रहा था। इसी दौरान दो युवक दुकान पर पहुंचे और बिरयानी मांगी। दुकान बंद होने की बात कहने पर एक युवक ने चाकू निकालकर जान से मारने की धमकी दी और गल्ले में रखी करीब चार हजार रुपये की नकदी लूट ली। विरोध करने पर आरोपियों ने उसका पीछा भी किया। पीड़ित किसी तरह भागकर पड़ाव चौक पहुंचा, जहां लोगों की मौजूदगी देखकर दोनों आरोपी फरार हो गए।

मामले में सिटी कोतवाली पुलिस ने अपराध दर्ज कर जांच शुरू की। एसएसपी भोजराम पटेल के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नवनीत कौर छाबड़ा और एसडीओपी आशीष अरोरा के मार्गदर्शन में पुलिस टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर आरोपी अभिषेक टोंडे उर्फ जादू (21) और एक विधि से संघर्षरत बालक को हिरासत में लिया। पूछताछ में दोनों ने वारदात स्वीकार कर ली।

पुलिस ने आरोपियों से घटना में प्रयुक्त चाकू और 2400 रुपये नकद जब्त किए। आरोपी अभिषेक टोंडे को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया, जबकि नाबालिग को बाल संप्रेक्षण गृह भेजा गया। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक कार्तिकेश्वर जांगड़े सहित सिटी कोतवाली की टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS