Explore

Search

July 31, 2026 11:22 pm

डोंगरगढ़-कटघोरा रेल लाइन की मंजूरी पर जश्न, बिलासपुर में केंद्रीय मंत्री तोखन साहू का भव्य स्वागत

CBN 36 बिलासपुर। डोंगरगढ़–कटघोरा नई रेल लाइन परियोजना को केंद्र सरकार से मंजूरी मिलने के बाद छत्तीसगढ़ में उत्साह का माहौल है। केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य राज्य मंत्री तथा बिलासपुर सांसद तोखन साहू के प्रदेश आगमन पर रायपुर से बिलासपुर तक विभिन्न स्थानों पर उनका भव्य स्वागत किया गया। भाजपा पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, कार्यकर्ताओं और बड़ी संख्या में नागरिकों ने जगह-जगह पुष्पवर्षा कर उनका अभिनंदन किया।

रायपुर विमानतल से शुरू हुआ स्वागत काफिला सरगांव, बिलासपुर के राजीव गांधी चौक, नेहरू चौक और मुंगेली नाका होते हुए उनके कार्यालय पहुंचा। इस दौरान कई स्थानों पर स्वागत समारोह आयोजित किए गए जहां स्थानीय जनप्रतिनिधियों और पार्टी कार्यकर्ताओं ने उनका अभिनंदन किया।

बिलासपुर में पारंपरिक छत्तीसगढ़ी संस्कृति की भी झलक देखने को मिली। ढोल-नगाड़ों की गूंज, आतिशबाजी और गेड़ी नृत्य के बीच तोखन साहू ने भी लोक कलाकारों के साथ कदम मिलाए। कार्यक्रम के दौरान समर्थकों ने उनके वजन के बराबर मोतीचूर के लड्डुओं से तुलादान कर सम्मानित किया, जो आकर्षण का केंद्र रहा।

स्वागत समारोह को संबोधित करते हुए तोखन साहू ने कहा कि डोंगरगढ़–कटघोरा रेल लाइन की स्वीकृति छत्तीसगढ़ के विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। उन्होंने कहा कि सांसद बनने के बाद से इस परियोजना को मंजूरी दिलाना उनकी प्राथमिकताओं में शामिल था। उनके अनुसार नई रेल लाइन से क्षेत्र में रेल संपर्क बेहतर होगा और व्यापार, उद्योग, पर्यटन तथा रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे।

उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार के समन्वित प्रयासों से प्रदेश में आधारभूत संरचना का तेजी से विकास हो रहा है। इस परियोजना के लिए उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के प्रति आभार जताया। साथ ही विश्वास व्यक्त किया कि यह रेल परियोजना आने वाले समय में क्षेत्र के आर्थिक और सामाजिक विकास को नई गति देगी।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS