Explore

Search

July 31, 2026 6:58 pm

विद्यार्थियों को मिला अनुशासन और सड़क सुरक्षा का पाठ

CBN36 रायपुर, 31 जुलाई। यातायात पुलिस कमिश्नरेट रायपुर ने विद्यार्थियों को सड़क सुरक्षा और अनुशासन के प्रति जागरूक करने की दिशा में एक और महत्वपूर्ण पहल की। डीसीपी यातायात डॉ. अर्चना झा के निर्देशन में एसीपी यातायात श्रीमती सीमा अहिरवार ने शुक्रवार को श्री चैतन्य टेक्नो स्कूल, आमलीडीह में आयोजित निवेश्चर समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होकर करीब 150 छात्र-छात्राओं को नेतृत्व, अनुशासन और सुरक्षित यातायात का संदेश दिया।

समारोह में नव-निर्वाचित हेड बॉय, हेड गर्ल और विभिन्न छात्र पदाधिकारियों को बधाई देते हुए एसीपी सीमा अहिरवार ने कहा कि नेतृत्व अधिकार का नहीं, बल्कि जिम्मेदारी, सेवा, अनुशासन और टीम भावना का प्रतीक होता है। उन्होंने विद्यार्थियों से अपने आचरण और अनुशासन के माध्यम से विद्यालय, परिवार और समाज के लिए प्रेरणा बनने का आह्वान किया।

सड़क सुरक्षा पर विशेष जोर देते हुए उन्होंने कहा कि 18 वर्ष की आयु पूरी होने से पहले किसी भी छात्र को दोपहिया या चारपहिया वाहन नहीं चलाना चाहिए। वैधानिक आयु पूरी होने के बाद भी हेलमेट, सीट बेल्ट और अन्य सभी यातायात नियमों का पालन अनिवार्य रूप से करना चाहिए।

एसीपी ने विद्यार्थियों से विद्यालय में प्राप्त सड़क सुरक्षा संबंधी जानकारी को अपने परिवार, मित्रों और समाज तक पहुंचाने तथा सड़क सुरक्षा के जागरूकता दूत बनने की अपील की। उन्होंने कहा कि यातायात नियमों का पालन केवल कानूनी दायित्व नहीं, बल्कि स्वयं और दूसरों के जीवन की सुरक्षा के प्रति नैतिक जिम्मेदारी भी है।

कार्यक्रम में विद्यार्थियों को प्रेरक संदेश देते हुए कहा गया कि अनुशासित विद्यार्थी ही सशक्त समाज की नींव होते हैं और सुरक्षित विद्यार्थी ही सुरक्षित भविष्य का निर्माण करते हैं।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS