Explore

Search

July 26, 2026 4:27 pm

रायगढ़ में अवैध अप्रवासियों की पहचान के लिए पुलिस का सघन अभियान

CBN 36 रायगढ़। जिले में कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाने और राष्ट्रीय सुरक्षा के मद्देनज़र रायगढ़ पुलिस ने एसएसपी शशि मोहन सिंह के निर्देश पर अवैध अप्रवासियों की पहचान एवं सत्यापन के लिए जिलेभर में विशेष अभियान चलाया। अभियान के तहत पुलिस टीमों ने किराए के मकानों, श्रमिक बस्तियों, औद्योगिक क्षेत्रों तथा बाहरी राज्यों और विदेशी नागरिकों के संभावित निवास स्थलों पर व्यापक जांच की।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल कुमार सोनी को अभियान का नोडल अधिकारी बनाया गया है। उनके मार्गदर्शन में थाना प्रभारियों ने चिन्हित क्षेत्रों में किराएदारों, प्रवासी श्रमिकों और बाहरी राज्यों के निवासियों के आधार कार्ड, मोबाइल नंबर एवं अन्य पहचान संबंधी दस्तावेजों का सत्यापन किया।

पुलिस ने जिले के औद्योगिक प्रतिष्ठानों और प्लांटों में कार्यरत विदेशी नागरिकों के पासपोर्ट, वीजा और अन्य वैध दस्तावेजों की भी जांच के निर्देश दिए हैं। उद्योग प्रबंधन को बिना पुलिस सत्यापन और वैध दस्तावेजों के किसी भी विदेशी या बाहरी व्यक्ति को रोजगार नहीं देने की चेतावनी दी गई है। नियमों के उल्लंघन पर संबंधित संस्थानों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

रायगढ़ पुलिस ने मकान मालिकों, उद्योग संचालकों, ठेकेदारों और आम नागरिकों से अपील की है कि वे अपने यहां रहने वाले किराएदारों एवं कर्मचारियों का समय पर पुलिस सत्यापन कराएं। यदि किसी क्षेत्र में कोई विदेशी नागरिक संदिग्ध परिस्थितियों में निवास करता दिखाई दे या उसके दस्तावेजों को लेकर संदेह हो तो इसकी सूचना तत्काल निकटतम थाना, पुलिस कंट्रोल रूम, हेल्पलाइन 1800-233-1905, पुलिस कंट्रोल रूम 94791-93299 अथवा डायल-112 पर दें। पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।

एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि राष्ट्रीय सुरक्षा और कानून-व्यवस्था सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने नागरिकों से अभियान में सहयोग करने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तत्काल सूचना पुलिस को देने की अपील की।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS