CBN 36 बिलासपुर, 25 जुलाई। अयोध्या स्थित श्रीराम मंदिर में हुई चोरी की घटना से आहत श्रद्धालुओं की भावनाओं के सम्मान में शनिवार को बिलासपुर में ‘श्रीराम श्रद्धा आस्था यात्रा’ का शुभारंभ हुआ। बेलतरा विधानसभा के पूर्व विधायक प्रत्याशी विजय केशरवानी के संकल्प से आयोजित इस यात्रा में हजारों की संख्या में महिलाओं, युवाओं, बुजुर्गों और बच्चों ने हाथों में श्रद्धा का नारियल लेकर भाग लिया। पूरे मार्ग में ‘जय श्रीराम’, ‘जय सियाराम’ और ‘जय बजरंगबली’ के जयघोष गूंजते रहे।

यात्रा का शुभारंभ तिलक नगर स्थित दक्षिणमुखी श्रीहनुमान मंदिर में वैदिक मंत्रोच्चारण एवं पूजा-अर्चना के साथ हुआ। इस अवसर पर विजय केशरवानी, जिला अध्यक्ष सुधांशु मिश्रा, पूर्व विधायक शैलेष पांडेय, पूर्व संसदीय सचिव रश्मि सिंह सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।
आकर्षक रथ पर भगवान श्रीराम, माता जानकी और पवनपुत्र हनुमान की झांकी सजाई गई थी। यात्रा में शामिल वाहन भगवा ध्वज और श्रीराम मंदिर के चित्रों से सुसज्जित थे। भजन मंडलियों के भक्ति गीतों और बैंड-बाजों की धुनों से पूरा वातावरण भक्तिमय बना रहा।

यात्रा तिलक नगर से प्रारंभ होकर मुक्तिधाम चौक, मार्क हॉस्पिटल, गायत्री मंदिर चांटीडीह, संतोषी मंदिर, रामायण चौक, रपटा चौक, चांटीडीह सब्जी मंडी, अशोक विहार, चिंगराजपारा, स्कूल चौक, अमरैय्या चौक, प्रभात चौक, अपोलो चौक, राजकिशोर नगर, मोपका चौक होते हुए मोपका बस्ती पहुंची, जहां प्रथम दिवस का समापन हुआ।
मार्ग में विभिन्न स्थानों पर श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा कर यात्रा का स्वागत किया। कई स्थानों पर भगवान श्रीराम की आरती, रामचरितमानस का पाठ, भजन-कीर्तन तथा प्रसाद वितरण किया गया। रामायण चौक में विजय केशरवानी ने रामायण परंपरा से जुड़े वरिष्ठ सदस्यों का श्रीफल एवं नारियल भेंट कर सम्मान किया।

इस अवसर पर विजय केशरवानी ने कहा कि भगवान श्रीराम भारतीय संस्कृति, मर्यादा और राष्ट्रीय चेतना के प्रतीक हैं। उन्होंने कहा कि माता कौशल्या की जन्मभूमि छत्तीसगढ़ होने के कारण यहां के लोग प्रभु श्रीराम को अपना भांचा मानते हैं। अयोध्या श्रीराम मंदिर में हुई चोरी की घटना से छत्तीसगढ़ के श्रद्धालुओं की भावनाएं भी आहत हुई हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह यात्रा किसी के विरोध में नहीं, बल्कि भगवान श्रीराम के प्रति श्रद्धा और आस्था व्यक्त करने का संकल्प है। यात्रा में श्रद्धालुओं द्वारा समर्पित सभी नारियल अयोध्या धाम ले जाकर भगवान श्रीरामलला के श्रीचरणों में अर्पित किए जाएंगे।

आयोजकों ने बताया कि ‘श्रीराम श्रद्धा आस्था यात्रा’ का द्वितीय दिवस 26 जुलाई को प्रातः 11 बजे बिजौर स्थित महामाया मंदिर से प्रारंभ होगा। यात्रा बहतराई, नवधा रामायण चौक, अटल चौक, भक्त माता कर्मा चौक, सरकंडा थाना, साइंस कॉलेज, देवनंदन नगर, रामा ग्रीन सिटी, ड्रीम सिटी, खमतराई बस्ती होते हुए बगदाई मंदिर में संपन्न होगी। सभी रामभक्तों से अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर श्रद्धा का नारियल समर्पित करने की अपील की गई है।
प्रधान संपादक



