Explore

Search

July 25, 2026 8:21 pm

अपराध नियंत्रण को नई धार: एसएसपी रजनेश सिंह ने बीट प्रणाली के लिए 48 बाइक रवाना कीं

CBN36 बिलासपुर। जिले में अपराध नियंत्रण और कानून-व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक एवं पुलिस उप महानिरीक्षक आईपीएस रजनेश सिंह ने बीट प्रणाली के लिए 48 मोटरसाइकिलों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। वायरलेस, सायरन और फ्लैश लाइट से लैस इन दोपहिया वाहनों के माध्यम से शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में पुलिस की सक्रिय मौजूदगी बढ़ाई जाएगी।

एसएसपी रजनेश सिंह ने कहा कि बीट प्रणाली बेसिक पुलिसिंग की सबसे महत्वपूर्ण कड़ी है। इसके माध्यम से पुलिस अपराधों की रोकथाम, प्राथमिक सूचना संकलन, हिस्ट्रीशीटरों एवं असामाजिक तत्वों पर निगरानी, नवागंतुकों का सत्यापन तथा सामुदायिक पुलिसिंग को और प्रभावी बनाएगी।

उन्होंने सभी बीट प्रभारियों को निर्देश दिए कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में नियमित गश्त कर संवेदनशील स्थानों, बाजारों, विद्यालयों, धार्मिक स्थलों एवं भीड़भाड़ वाले इलाकों पर विशेष नजर रखें। जुआ, सट्टा, नशा, तस्करी, चोरी, नकबजनी, लूट, छेड़खानी, चेन स्नेचिंग और गुंडागर्दी जैसी आपराधिक गतिविधियों पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

एसएसपी सिंह ने बीट प्रभारियों को बीट रजिस्टर, बीट डायरी, हिस्ट्रीशीटर सूची, जनसंपर्क रजिस्टर, शिकायत एवं सूचना रजिस्टर, किरायेदार सत्यापन रजिस्टर तथा भूमि विवाद रजिस्टर का नियमित संधारण करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि उत्कृष्ट कार्य करने वाले पुलिसकर्मियों को विभागीय पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा, जबकि लापरवाही बरतने वालों पर कार्रवाई की जाएगी।

बीट प्रणाली की साप्ताहिक समीक्षा थाना प्रभारी, पाक्षिक समीक्षा सीएसपी/एसडीओपी तथा मासिक समीक्षा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक करेंगे। इसकी नियमित मॉनिटरिंग स्वयं एसएसपी एवं डीआईजी रजनेश सिंह करेंगे। पुलिस अधिकारियों का विश्वास है कि इस नई व्यवस्था से पुलिस की दृश्यता बढ़ेगी, अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगेगा और आम नागरिकों में सुरक्षा का विश्वास और मजबूत होगा।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS