Explore

Search

July 25, 2026 4:17 pm

392 सवालों’ पर अमर का पलटवार, बोले- सवाल नहीं, विकास से मिलती है पहचान

शेर की नाक और गधे की पूंछ का फर्क जनता समझती है,अमर का विपक्ष पर कटाक्ष

बिलासपुर CBN36 । भाजपा के वरिष्ठ विधायक और पूर्व मंत्री अमर अग्रवाल ने शुक्रवार को बिना नाम लिए पूर्व विधायक शैलेष पांडे पर तीखा राजनीतिक हमला बोला। एक खेल प्रतियोगिता के दौरान आयोजित संवाद कार्यक्रम में उन्होंने विधानसभा की भूमिका, जनप्रतिनिधि की जिम्मेदारी और विकास की राजनीति पर अपनी बात रखते हुए कहा कि शेर की नाक का बाल और गधे की पूंछ के बाल में फर्क होता है। जनता अब यह फर्क अच्छी तरह समझ चुकी है।

अमर अग्रवाल ने कहा कि विधानसभा केवल सवाल पूछने का मंच नहीं, बल्कि कानून बनाने, बजट पारित करने और प्रदेश के विकास की दिशा तय करने का सर्वोच्च मंच है। उन्होंने कहा कि प्रश्न पूछना जरूरी है, लेकिन उसका उद्देश्य केवल सुर्खियां बटोरना नहीं, बल्कि जनता की समस्याओं का समाधान होना चाहिए।

उन्होंने अपने 25 वर्षों के विधायक और 15 वर्षों के मंत्री रहने का उल्लेख करते हुए कहा कि उनकी प्राथमिकता हमेशा बिलासपुर के लिए अधिक से अधिक योजनाएं, बजट और विकास कार्य लाना रही है। “जनता मुझे भाषणों से नहीं, बल्कि काम से पहचानती है,” उन्होंने कहा।

392 सवाल पूछने से विकास नहीं होता

पूर्व विधायक का नाम लिए बिना अमर अग्रवाल ने कहा कि कुछ लोग सवालों की संख्या को ही अपनी उपलब्धि मानते हैं। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि यदि केवल प्रश्न पूछने से विकास होता तो जनता उन्हें रिकॉर्ड मतों से पराजित नहीं करती। उनके अनुसार, सवाल तभी सार्थक हैं जब उनका लाभ जनता तक पहुंचे।उन्होंने कहा कि उन्हें सदन में प्रश्न पूछने से ज्यादा समय विकास कार्यों को मंजूरी दिलाने और योजनाओं को धरातल तक पहुंचाने में लगा।

सदन में बोलना नहीं, सुना जाना जरूरी

अमर अग्रवाल ने कहा कि विधानसभा में केवल भाषण देना उपलब्धि नहीं है। असली महत्व इस बात का है कि आपकी बात कितनी गंभीरता से सुनी जाती है और उसके आधार पर सरकार कितने निर्णय लेती है। उन्होंने बताया कि वे विधानसभा की कई महत्वपूर्ण समितियों और विधायी कार्यों से जुड़े रहे हैं।

छाता लेकर भाषण देने वाला नेता नहीं चाहिए

अपने संबोधन में उन्होंने एक और राजनीतिक तंज कसते हुए कहा कि बिलासपुर को घुटनों तक पानी में खड़े होकर छाता लगाकर भाषण देने वाला नहीं, बल्कि कर्मयोगी नेता चाहिए। उन्होंने कहा कि शहर की जनता दिखावे से अधिक काम को महत्व देती है।

ढाई हजार करोड़ की परियोजनाओं का दावा

अमर अग्रवाल ने दावा किया कि मौजूदा कार्यकाल में बजट पेश होने से पहले ही बिलासपुर को करीब 2,500 करोड़ की विकास परियोजनाएं मिली हैं। उन्होंने कहा कि यातायात व्यवस्था सुधारने के लिए लगभग 300 करोड़ की सड़क परियोजनाएं स्वीकृत की गई हैं। “मुझे प्रचार करने की आदत नहीं है, मेरा मानना है कि काम खुद बोलता है,” उन्होंने कहा।

जवाबदेही केवल बिलासपुर की जनता के प्रति

अपने संबोधन में अमर अग्रवाल ने कहा कि वे किसी व्यक्ति विशेष को जवाब देने के लिए राजनीति नहीं करते। उनकी जवाबदेही केवल बिलासपुर की जनता के प्रति है और अंतिम सांस तक शहर की सेवा करना ही उनका संकल्प है।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS