बिलासपुर CBN 36।बिलासपुर की एंजेल चौकसे ने प्रतिष्ठित Mrs. India International Queen Alluring 2026 का खिताब जीतकर छत्तीसगढ़ का नाम राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मंच पर रोशन किया है। दिल्ली के होटल लीला इंटरनेशनल में आयोजित प्रतियोगिता में भारत के साथ सिंगापुर, ऑस्ट्रेलिया, दुबई, कतर, अमेरिका और लंदन से आई प्रतिभागियों के बीच उन्होंने अपनी प्रतिभा, आत्मविश्वास और व्यक्तित्व का उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए यह उपलब्धि हासिल की।

एंजेल चौकसे ने कहा कि यह सम्मान केवल उनका व्यक्तिगत नहीं, बल्कि पूरे छत्तीसगढ़ का सम्मान है। उन्होंने बताया कि फैशन और पर्सनैलिटी डेवलपमेंट के क्षेत्र में आगे बढ़ने का सपना उन्होंने कॉलेज के दिनों में देखा था। होम साइंस की छात्रा रहते हुए उन्हें ‘मिस होम साइंस’ का खिताब भी मिला था, लेकिन विवाह के बाद पारिवारिक जिम्मेदारियों के चलते उनका सपना पीछे छूट गया।
उन्होंने बताया कि पति रितेश चौकसे और परिवार के निरंतर सहयोग ने उन्हें दोबारा अपने सपने को साकार करने का हौसला दिया। पिछले एक वर्ष से उन्होंने फिटनेस, कैटवॉक, ग्रूमिंग, पब्लिक स्पीकिंग और व्यक्तित्व विकास पर लगातार मेहनत की। 42 वर्ष की उम्र में इस स्तर की प्रतियोगिता के लिए खुद को तैयार करना चुनौतीपूर्ण था, लेकिन उन्होंने हार नहीं मानी।
पांच दिनों तक चली प्रतियोगिता में कैटवॉक, टैलेंट राउंड, इंट्रोडक्शन, प्रश्नोत्तर, ग्रूमिंग और पर्सनैलिटी असेसमेंट सहित कई चरण आयोजित किए गए। सभी राउंड सफलतापूर्वक पार करने के बाद एंजेल विजेता घोषित की गईं।

एंजेल ने कहा कि इस प्रतियोगिता ने उन्हें विभिन्न देशों की प्रतिभागियों की संस्कृति, सोच और जीवनशैली को करीब से समझने का अवसर दिया। उन्होंने अपनी सफलता का श्रेय पति रितेश चौकसे, एमबीबीएस की छात्रा बेटी विनस चौकसे, माता-पिता, सास-ससुर, परिवार, मित्रों और प्रशिक्षकों को दिया।
उन्होंने प्रदेश की महिलाओं और युवतियों से आह्वान करते हुए कहा कि “सपनों की कोई उम्र नहीं होती। यदि आत्मविश्वास, मेहनत और दृढ़ इच्छाशक्ति हो तो जीवन के किसी भी पड़ाव पर सफलता हासिल की जा सकती है।”
एंजेल ने मीडिया का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनकी इस उपलब्धि को समाज तक पहुंचाने में मीडिया की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने अपनी इस जीत को बिलासपुर और पूरे छत्तीसगढ़ की जनता को समर्पित किया।
प्रधान संपादक



