Explore

Search

July 21, 2026 10:43 am

हिंदी विश्वविद्यालय शिक्षक संघ चुनाव सम्पन्न, डॉ. अमरेन्द्र कुमार शर्मा बने अध्यक्ष

वर्धा, 20 जुलाई। महात्मा गांधी अंतरराष्ट्रीय हिन्दी विश्वविद्यालय, वर्धा में शिक्षक संघ चुनाव-2026 की निर्वाचन प्रक्रिया शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और लोकतांत्रिक वातावरण में सम्पन्न हुई। शिक्षकों ने उत्साहपूर्वक मतदान कर नए शिक्षक संघ का चयन किया।

निर्वाचन परिणाम के अनुसार डॉ. अमरेन्द्र कुमार शर्मा अध्यक्ष, डॉ. राकेश कुमार मिश्र उपाध्यक्ष, डॉ. रूपेश कुमार सिंह महासचिव, डॉ. अनिर्बाण घोष संयुक्त सचिव तथा डॉ. श्रीनिकेत कुमार मिश्र कोषाध्यक्ष निर्वाचित हुए। वहीं प्रो. मनोज कुमार राय, प्रो. अमित राय और डॉ. सुनील कुमार कार्यकारिणी सदस्य चुने गए।

निर्वाचन प्रक्रिया विश्वविद्यालय की चुनाव समिति के निर्देशन में निर्धारित नियमावली के अनुरूप संपन्न हुई। इसमें मतदाता सूची का प्रकाशन, नामांकन, जांच, नाम वापसी, प्रचार, ऑनलाइन मतदान और मतगणना की सभी प्रक्रियाएं पारदर्शिता के साथ पूरी की गईं। विश्वविद्यालय के क्षेत्रीय केंद्रों एवं वर्धा परिसर से बाहर कार्यरत शिक्षकों की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए ऑनलाइन मतदान की व्यवस्था भी की गई।

चुनाव परिणाम घोषित होने के बाद ग़ालिब सभागार, तुलसी भवन में नवनिर्वाचित पदाधिकारियों का शपथ ग्रहण समारोह आयोजित हुआ। कार्यक्रम में कुलपति प्रो. कुमुद शर्मा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। उन्होंने कहा कि शिक्षक संघ विश्वविद्यालय की लोकतांत्रिक एवं शैक्षणिक संस्कृति का महत्वपूर्ण अंग है। उन्होंने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों से शिक्षकों के हितों की रक्षा, शैक्षणिक उत्कृष्टता, छात्र कल्याण और विश्वविद्यालय के समग्र विकास में रचनात्मक भूमिका निभाने का आह्वान किया।

शपथ ग्रहण के दौरान सभी पदाधिकारियों एवं कार्यकारिणी सदस्यों ने शिक्षक संघ के संविधान के प्रति निष्ठा रखते हुए अपने दायित्वों का निष्पक्षता, पारदर्शिता और समर्पण के साथ निर्वहन करने की शपथ ली तथा विधिवत कार्यभार ग्रहण किया।

समारोह में चुनाव समिति ने सफल निर्वाचन के लिए कुलपति, विश्वविद्यालय प्रशासन, कुलसचिव, तकनीकी दल, सभी प्रत्याशियों, मतदाताओं और शिक्षक समुदाय का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में श्री कादर नवाज़ खान, डॉ. सुरेन्द्र गादेवार, प्रो. कृपाशंकर चौबे, प्रो. प्रीति सागर, डॉ. रामानुज अस्थाना, डॉ. निशीथ राय, डॉ. वीरेन्द्र प्रताप यादव, डॉ. मीरा निचले सहित बड़ी संख्या में शिक्षक उपस्थित रहे। सभी ने नवनिर्वाचित टीम को शुभकामनाएं देते हुए विश्वविद्यालय के लोकतांत्रिक मूल्यों और संस्थागत विकास के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS