Explore

Search

July 21, 2026 7:52 am

ऑपरेशन अंकुश: रायगढ़-कोरबा बॉर्डर पर जुए के पांच फड़ पर छापा, 33 गिरफ्तार, 90 लाख की सात कारें जब्त

रायगढ़। रायगढ़ पुलिस ने ‘ऑपरेशन अंकुश’ के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए रायगढ़-कोरबा सीमा से लगे धसकामुड़ा गांव में संचालित खुडखुडिया जुए के पांच फड़ पर दबिश देकर 33 जुआरियों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने मौके से करीब 90 लाख रुपये कीमत की सात चारपहिया वाहन, 57,140 रुपये नकद, पांच गैस लाइट और जुए में प्रयुक्त सामग्री जब्त की है। सभी आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम की धारा 6 के तहत अलग-अलग प्रकरण दर्ज कर न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आईपीएस शशि मोहन सिंह ने बताया कि ऑपरेशन अंकुश’ के तहत यह कार्रवाई देर रात की गई। पुलिस को सूचना मिली थी कि धसकामुड़ा मेला स्थल के बाहर बड़ी संख्या में लोग खुडखुडिया जुआ खेल रहे हैं। सूचना पर एडिशनल एसपी अनिल सोनी और एसडीओपी खरसिया प्रभात पटेल के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी छाल निरीक्षक नासिर खान के नेतृत्व में पुलिस टीम ने घेराबंदी कर पांच अलग-अलग जुआ फड़ पर एक साथ दबिश दी।

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार किए गए आरोपी घरघोड़ा, तमनार, डभरा और जैजैपुर क्षेत्र के निवासी हैं। कार्रवाई के दौरान एक इनोवा, दो बोलेरो, दो अर्टिगा, एक केआईए और एक ऑल्टो कार समेत लगभग 90 लाख रुपये मूल्य की संपत्ति जब्त की गई। इसके अलावा जुआ फड़ से 57,140 रुपये नकद, पांच गैस लाइट और जुए में इस्तेमाल होने वाली सामग्री भी बरामद हुई।

छाल पुलिस ने सभी 33 आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम की धारा 6 के तहत पांच अलग-अलग मामले दर्ज किए हैं। पुलिस का कहना है कि आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेजने की कार्रवाई की जा रही है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने कहा कि जिले में अवैध जुआ, सट्टा और अन्य असामाजिक गतिविधियों के खिलाफ ‘ऑपरेशन अंकुश’ के तहत लगातार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। कानून व्यवस्था प्रभावित करने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS