Explore

Search

July 16, 2026 7:11 pm

मोबाइल विवाद में पत्नी की हत्या, आरोपी पति 48 घंटे में गिरफ्तार

रायगढ़, 16 जुलाई। धरमजयगढ़ थाना क्षेत्र के मस्जिदपारा में महिला की हत्या के सनसनीखेज मामले का पुलिस ने 48 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए मृतका के पति को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने मोबाइल फोन को लेकर हुए विवाद के बाद लकड़ी के पट्टे से पीट-पीटकर पत्नी की हत्या कर दी थी। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त लकड़ी का पट्टा भी बरामद कर लिया है।

पुलिस के अनुसार 13 जुलाई को मस्जिदपारा स्थित एक बाड़ी परिसर की झाड़ियों में प्लास्टिक की बोरी से ढका 48 वर्षीय राजकुमारी चौहान का शव मिला था। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू की। जांच में पता चला कि मृतका अपने पति मोहब्बत चौहान के साथ पिछले करीब एक वर्ष से वहीं रहकर काम करती थी। दोनों शराब के आदी थे और आरोपी अक्सर पत्नी के साथ मारपीट करता था।

पुलिस जांच में सामने आया कि 12 जुलाई की रात पति-पत्नी के बीच मोबाइल फोन को लेकर विवाद हुआ। आरोपी का आरोप था कि पत्नी ने उसका की-पैड मोबाइल गिरवी रख दिया था। विवाद बढ़ने पर उसने लकड़ी के चौड़े पट्टे से पत्नी की बेरहमी से पिटाई कर दी, जिससे उसकी मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी फरार हो गया था।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट में शरीर के विभिन्न हिस्सों और सिर पर गंभीर चोटों के कारण अत्यधिक रक्तस्राव से मौत होना पाया गया, जिसके बाद पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) एवं 238(बी) के तहत हत्या का मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की।

धरमजयगढ़ पुलिस ने फरार आरोपी मोहब्बत चौहान (47), निवासी ग्राम डगभौना थाना कापू, हाल मुकाम मस्जिदपारा, धरमजयगढ़ को हिरासत में लेकर पूछताछ की। आरोपी ने हत्या करना स्वीकार कर लिया। उसकी निशानदेही पर वारदात में प्रयुक्त लकड़ी का पट्टा भी जब्त किया गया।

प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी का आपराधिक रिकॉर्ड है और वह पूर्व में अपने ससुर की हत्या के मामले में भी जेल जा चुका है। आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल सोनी, एसडीओपी सिद्धांत तिवारी तथा थाना प्रभारी निरीक्षक राजेश जांगड़े के नेतृत्व में पुलिस टीम ने इस मामले का सफल खुलासा किया।

इस संबंध में एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि घरेलू हिंसा या पारिवारिक विवाद के नाम पर होने वाली हिंसक घटनाओं को रायगढ़ पुलिस गंभीरता से लेती है तथा ऐसे मामलों में त्वरित कार्रवाई कर आरोपियों को कानून के दायरे में लाना प्राथमिकता है।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS