बिलासपुर, 10 जुलाई 2026। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के बिलासपुर मंडल के अनूपपुर–कटनी रेलखंड पर तीसरी लाइन, 110 किमी/घंटा गति, अमृत भारत स्टेशन योजना तथा यात्री सुविधाओं के विस्तार से रेल संचालन अधिक सुरक्षित, सुगम और समयबद्ध हुआ है।
165.52 किमी लंबी तीसरी लाइन शुरू होने से यात्री और मालगाड़ियों के संचालन में तेजी आई है। अनूपपुर–सिंहपुर, लोरहा–विलायतकलां और रुपौंद–न्यू कटनी जंक्शन खंडों पर 110 किमी/घंटा की गति लागू हो चुकी है, जबकि शेष हिस्सों में कार्य प्रगति पर है।
अनूपपुर, शहडोल और उमरिया स्टेशनों का अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत आधुनिकीकरण किया जा रहा है। वहीं रानी कमलापति–सांतरागाछी हमसफर एक्सप्रेस को अनूपपुर तथा बिलासपुर–भोपाल एक्सप्रेस को नौरोजाबाद और रुपौंद में अतिरिक्त ठहराव दिया गया है।

तीसरी लाइन से ट्रैक अनुरक्षण कार्यों में तेजी आई है, जिससे रेल संरक्षा और परिचालन क्षमता मजबूत हुई है। साथ ही विभिन्न स्टेशनों पर रैंप, दिव्यांग अनुकूल शौचालय, पार्किंग, टिकट काउंटर और बैठने की व्यवस्था जैसी सुविधाओं का विस्तार किया गया है।
रेलवे के अनुसार, शेष कार्य पूरे होने के बाद अनूपपुर–कटनी रेलखंड दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के सबसे आधुनिक, सुरक्षित और उच्च क्षमता वाले रेलखंडों में शामिल होगा।
प्रधान संपादक


