रायगढ़। जिले में अवैध कबाड़ के परिवहन के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन प्रहार के तहत रायगढ़ पुलिस ने दो अलग-अलग कार्रवाई में करीब 6.5 टन संदिग्ध लोहे का कबाड़, एक 14 चक्का ट्रक और एक माजदा वाहन जब्त किया है। जब्त संपत्ति की कुल अनुमानित कीमत 28.48 लाख रुपये बताई गई है। दोनों मामलों में वाहन चालकों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की गई है।
पुलिस के अनुसार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देश पर में थाना लैलूंगा और थाना छाल पुलिस ने यह कार्रवाई की।
लैलूंगा में 14 चक्का ट्रक से 4.5 टन कबाड़ बरामद
थाना प्रभारी उप निरीक्षक गिरधारी साव को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक 14 चक्का ट्रक में संदिग्ध लोहे का स्क्रैप पत्थलगांव से घरघोड़ा की ओर ले जाया जा रहा है। सूचना पर पुलिस ने खम्हार मोड़ मुख्य मार्ग पर नाकेबंदी कर ट्रक क्रमांक CG-14 MF-0223 को रोककर जांच की।
वाहन चालक महेन्द्र लहरे (36), निवासी गोढ़ीकला, थाना पत्थलगांव, जिला जशपुर, कबाड़ परिवहन से संबंधित कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। जांच में ट्रक से करीब 4.5 टन लोहे का स्क्रैप बरामद हुआ। पुलिस ने 1.08 लाख रुपये मूल्य का कबाड़ और 15 लाख रुपये कीमत का ट्रक, कुल 16.08 लाख रुपये की संपत्ति जब्त कर धारा 35(क), 35(ङ) बीएनएसएस तथा धारा 303(2) बीएनएस के तहत कार्रवाई की।
छाल पुलिस ने माजदा से दो टन कबाड़ पकड़ा
इसी दिन थाना छाल पुलिस ने ग्राम बोजिया के पास माजदा वाहन क्रमांक CG-12 AZ-3191 को रोककर जांच की। थाना प्रभारी निरीक्षक नासिर खान को सूचना मिली थी कि वाहन में अवैध रूप से कबाड़ ले जाया जा रहा है।
वाहन चालक भूपेन्द्र यादव (36), निवासी ढोढ़ीपारा, कोरबा, भी कबाड़ परिवहन के वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। वाहन से करीब दो टन लोहे का कबाड़, जिसमें छड़, एंगल और वाहनों के टूटे-फूटे पार्ट्स शामिल थे, बरामद किया गया। पुलिस ने 40 हजार रुपये मूल्य का कबाड़ और 12 लाख रुपये कीमत का माजदा वाहन, कुल 12.40 लाख रुपये की संपत्ति जब्त कर इस्तगासा क्रमांक 13/26 के तहत धारा 35(1)(ड) बीएनएसएस और धारा 303(2) बीएनएस के अंतर्गत कार्रवाई की।
कबाड़ के नेटवर्क की भी होगी जांच

एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि अवैध कबाड़ का कारोबार चोरी और संगठित अपराधों से जुड़ा महत्वपूर्ण माध्यम है। पुलिस ऑपरेशन प्रहार के तहत संदिग्ध कबाड़ के स्रोत, स्वामित्व और उससे जुड़े नेटवर्क की जांच कर रही है। बिना वैध दस्तावेज कबाड़ का परिवहन करने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
प्रधान संपादक


