बिलासपुर। सिविल लाइन क्षेत्र में रहने वाली एक शिक्षिका साइबर ठगों के झांसे में आकर 76 हजार 550 रुपये गंवा बैठीं। ठगों ने मोबाइल पर अश्लील वीडियो देखने का आरोप लगाते हुए वीडियो वायरल करने की धमकी दी। डर के कारण शिक्षिका ने पांच किस्तों में रकम ट्रांसफर कर दी। बाद में ठगी का एहसास होने पर उन्होंने साइबर पोर्टल और सिविल लाइन थाने में शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस के मुताबिक, 42 वर्षीय शिक्षिका चार जुलाई को स्कूल में थीं। इसी दौरान उनके मोबाइल पर एक अज्ञात नंबर से कॉल आया। कॉल करने वाले ने उन्हें मोबाइल पर अश्लील वीडियो देखने की बात कहकर डराया और वीडियो वायरल करने की धमकी देते हुए रुपये की मांग की। घबराई शिक्षिका ने जालसाजों के बताए खाते में पांच बार में कुल 76 हजार 550 रुपये भेज दिए।
रकम भेजने के बाद भी जब ठग लगातार और रुपये मांगने लगे तो शिक्षिका को अपने साथ ठगी होने का एहसास हुआ। उन्होंने तत्काल स्वजन को जानकारी दी और राष्ट्रीय साइबर अपराध पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई। इसके बाद सिविल लाइन थाने पहुंचकर पूरे मामले की शिकायत की।
समय पर शिकायत होने के कारण साइबर पोर्टल की मदद से ठगों के खाते में ट्रांसफर किए गए 28 हजार 993 रुपये होल्ड करा दिए गए हैं। सिविल लाइन पुलिस ने अपराध दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
तत्काल शिकायत से बची रकम
साइबर ठगी का एहसास होते ही शिक्षिका ने बिना देर किए राष्ट्रीय साइबर अपराध पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई। त्वरित कार्रवाई के चलते 28 हजार 993 रुपये होल्ड करा दिए गए। पुलिस का कहना है कि कानूनी प्रक्रिया पूरी होने के बाद राशि वापस दिलाने की कार्रवाई की जाएगी।
प्रधान संपादक


