बिलासपुर। सकरी थाना क्षेत्र के संबलपुरी स्थित एक ढाबे में विवाद के बाद मारपीट और तोड़फोड़ की घटना सामने आई। आरोप है कि खालसा ढाबा के संचालक ने ट्रेलर चालकों पर तलवार के चपटे हिस्से से हमला कर दिया और एक ट्रेलर के शीशे भी तोड़ दिए। घटना में तीन चालक घायल हुए हैं। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, पंजाब निवासी ट्रेलर चालक मक्खन सिंह (36) रायगढ़ से लोहे का सामान लेकर पंजाब जा रहे थे। वह चार जुलाई की रात अपने ट्रेलर के साथ सकरी स्थित खालसा ढाबा के पास रुके थे। रविवार दोपहर करीब 12.30 बजे वह खाना खाने के लिए ढाबे की ओर जा रहे थे। इसी दौरान ढाबा संचालक हैप्पी और कुछ अन्य लोगों के बीच विवाद हो रहा था।
बताया गया कि विवाद बढ़ने पर मक्खन सिंह, सरदारा सिंह और ईशहाक खान बीच-बचाव करने पहुंचे। आरोप है कि इससे नाराज होकर ढाबा संचालक ने पहले तीनों से अभद्रता की और फिर ढाबे के भीतर से तलवार लाकर सरदारा सिंह तथा ईशहाक खान पर उसके चपटे हिस्से से हमला कर दिया। हमले में सरदारा सिंह की पीठ और ईशहाक खान के सिर पर चोट आई। आरोप है कि इसके बाद मक्खन सिंह के ट्रेलर के शीशे भी तोड़ दिए गए, जिससे वाहन क्षतिग्रस्त हो गया।
घटना के दौरान मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। पीड़ितों का आरोप है कि हमले के बाद आरोपी तलवार लहराते हुए उन्हें जान से मारने की धमकी भी देता रहा। आसपास मौजूद लोगों ने बीच-बचाव किया, जिसके बाद मामला शांत हुआ।
घटना के बाद मक्खन सिंह ने सकरी थाने पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपी के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर लिया है। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
प्रधान संपादक


