Explore

Search

September 8, 2026 8:54 am

महिला स्व-सहायता समूहों के ‘विष्णु भोग’ चावल की खुशबू पहुंची पुलिस मुख्यालय तक

पुलिस महानिदेशक अरुण देव गौतम को भेंट किया गया जीपीएम का विशिष्ट ‘विष्णु भोग’ चावल

महिला समूहों की पहल और स्थानीय उत्पाद की गुणवत्ता की सराहना

रायपुर, 05 जुलाई। गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जीपीएम जिले के प्रवास पर पहुंचे पुलिस महानिदेशक अरुण देव गौतम का स्वागत जिले की विशिष्ट पहचान ‘विष्णु भोग’ चावल भेंट कर किया गया। कलेक्टर डॉ. संतोष कुमार देवांगन ने उन्हें ‘विष्णु भोग’ चावल का पैकेट भेंट करते हुए बताया कि इसका उत्पादन बिहान योजना के तहत महिला स्व-सहायता समूहों द्वारा किया जा रहा है। यह पहल ग्रामीण महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण और आजीविका संवर्धन का प्रभावी उदाहरण बनकर सामने आई है।

कलेक्टर ने पुलिस महानिदेशक को ‘विष्णु भोग’ चावल की गुणवत्ता, उसकी विशेषताओं तथा उत्पादन और विपणन में महिला स्व-सहायता समूहों की भूमिका की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इस पहल से स्थानीय कृषि उत्पादों को नई पहचान मिल रही है और महिला समूहों की आय में भी लगातार वृद्धि हो रही है।

पुलिस महानिदेशक अरुण देव गौतम ने महिला स्व-सहायता समूहों के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि ‘विष्णु भोग’ चावल केवल एक कृषि उत्पाद नहीं, बल्कि महिलाओं की मेहनत, आत्मनिर्भरता और ग्रामीण आजीविका सशक्तिकरण का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि ऐसे स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा मिलने से जिले की विशिष्ट पहचान राष्ट्रीय स्तर पर स्थापित होगी और स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी।

उन्होंने विश्वास जताया कि गुणवत्ता और परंपरा के साथ तैयार किए जा रहे ऐसे उत्पाद भविष्य में प्रदेश के साथ-साथ देशभर में अपनी अलग पहचान बनाएंगे। स्थानीय उत्पादों को प्रोत्साहन मिलने से किसानों और महिला समूहों को बेहतर बाजार उपलब्ध होगा, जिससे ग्रामीण विकास को भी गति मिलेगी।

इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक मनोज कुमार खिलारी, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी मुकेश रावटे सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS