Explore

Search

October 15, 2026 11:12 pm

धर्म के आधार पर आरक्षण नहीं, सुप्रीम कोर्ट का फैसला महत्वपूर्ण: मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय

अवैध धर्मांतरण पर रोक लगने की जताई उम्मीद, कोलता समाज के भवन के लिए 50 लाख और सामुदायिक भवन के लिए 30 लाख रुपये की घोषणा

CBN36 रायगढ़, 15 अक्टूबर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने धर्म के आधार पर आरक्षण का लाभ नहीं दिए जाने संबंधी सुप्रीम कोर्ट के फैसले को महत्वपूर्ण और दूरगामी प्रभाव वाला बताया है। उन्होंने उम्मीद जताई कि इस निर्णय से अवैध धर्मांतरण पर भी रोक लगाने में मदद मिलेगी। मुख्यमंत्री रायगढ़ में पत्रकारों से चर्चा कर रहे थे।

मुख्यमंत्री साय रायगढ़ में कोलता समाज द्वारा आयोजित नुआखाई भेंटघाट एवं प्रतिभा सम्मान समारोह में शामिल हुए। इस अवसर पर उन्होंने समाज के लोगों को नुआखाई और शारदीय नवरात्रि की बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। साथ ही कार्यक्रम में आमंत्रित करने के लिए समाज के प्रति आभार व्यक्त किया।

शिक्षित और प्रगतिशील समाज है कोलता समाज

मुख्यमंत्री ने कहा कि कोलता समाज शिक्षित, संगठित और प्रगतिशील समाज है। समाज के लोग शिक्षा, कृषि और व्यापार सहित विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान दे रहे हैं। विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण में भी कोलता समाज की महत्वपूर्ण भूमिका है।

भवन निर्माण के लिए 80 लाख रुपये की घोषणा

समाज की गतिविधियों को और मजबूत बनाने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री ने दो महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। उन्होंने नगर पंचायत पुसौर में कोलता समाज के भवन निर्माण के लिए 50 लाख रुपये तथा ग्राम कोतरलिया के चंडी डोंगरी में सामुदायिक भवन निर्माण के लिए 30 लाख रुपये देने की घोषणा की। इन घोषणाओं से क्षेत्र में सामाजिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।

छत्तीसगढ़ में अंतरराष्ट्रीय महिला क्रिकेट मैच को लेकर उत्साह

मुख्यमंत्री साय ने छत्तीसगढ़ में पहली बार अंतरराष्ट्रीय महिला क्रिकेट मैचों के आयोजन पर भी प्रसन्नता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि प्रदेश के स्टेडियम में भारत और जिम्बाब्वे की महिला क्रिकेट टीमों के बीच होने वाले मुकाबलों से महिला क्रिकेट को प्रोत्साहन मिलेगा। इससे प्रदेश की बेटियों को खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने और अपनी प्रतिभा निखारने की प्रेरणा मिलेगी।

मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से इन मुकाबलों में पहुंचकर महिला खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करने की अपील की।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS