Explore

Search

August 27, 2026 12:39 am

शेयर ट्रेडिंग में दोगुने मुनाफे का झांसा, निवेशक से 20 लाख की ठगी

बिलासपुर। शेयर मार्केट में दोगुना मुनाफा दिलाने का झांसा देकर एक कारोबारी परिवार से करीब 20 लाख रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। शिकायत पर कोतवाली पुलिस ने अंबिकापुर निवासी शशिकांत सिंह के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 318(4) के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, जगमल चौक दयालबंद स्थित सदाबहार अपार्टमेंट निवासी एवं व्यापार विहार में आनंद कन्फेक्शनरी के संचालक संतोष भोजवानी ने शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि उनके बेटे अर्जुन भोजवानी के मित्र आयुष सिंह बघेल ने उनका परिचय अपने मामा शशिकांत सिंह से कराया था। आयुष ने शशिकांत को शेयर मार्केट का विशेषज्ञ बताते हुए कम समय में आकर्षक मुनाफा दिलाने का भरोसा दिलाया।

शिकायत में कहा गया है कि शुरुआत में अर्जुन भोजवानी और उसके मित्र प्रतीक कौशिक से कम राशि निवेश कराई गई तथा कुछ समय बाद मुनाफे के साथ रकम वापस कर दी गई। इससे परिवार का विश्वास बढ़ गया। इसके बाद संतोष भोजवानी, उनकी पत्नी कोमल भोजवानी, बेटे अर्जुन और करण भोजवानी सहित परिवार के अन्य सदस्यों को अधिक राशि निवेश करने के लिए प्रेरित किया गया।

आरोप है कि वर्ष 2023 से 2024 के बीच भोजवानी परिवार ने नकद और ऑनलाइन माध्यम से करीब 20 लाख रुपये शशिकांत सिंह को दिए। शिकायतकर्ता के अनुसार, निवेश के लिए परिवार ने अपनी बचत के अलावा बैंक से ऋण लेकर भी राशि की व्यवस्था की थी। वहीं अर्जुन के मित्र प्रतीक कौशिक ने भी अलग से करीब 15 लाख रुपये निवेश किए।

पीड़ितों का आरोप है कि लंबे समय तक न तो निवेश की मूल राशि लौटाई गई और न ही किसी प्रकार का मुनाफा दिया गया। लगातार रकम मांगने पर आरोपी ने नौ लाख रुपये का चेक दिया, जो खाते में पर्याप्त राशि नहीं होने के कारण बैंक से अनादृत (बाउंस) हो गया। इसके बाद पीड़ितों ने स्वयं के साथ ठगी होने की आशंका जताते हुए पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।

कोतवाली पुलिस ने शिकायत के आधार पर शशिकांत सिंह के खिलाफ बीएनएस की धारा 318(4) के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस लेन-देन से संबंधित दस्तावेज, बैंक रिकॉर्ड तथा डिजिटल भुगतान के साक्ष्यों की जांच कर रही है।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS