Explore

Search

August 27, 2026 12:40 am

तेज रफ्तार बाइक की टक्कर से सड़क पार कर रहे वृद्ध की मौत

नेवरा हाई स्कूल के सामने हुआ हादसा, चालक के खिलाफ बीएनएस की धारा 106(1) के तहत मामला दर्ज

बिलासपुर। कोटा थाना क्षेत्र के ग्राम नेवरा में तेज रफ्तार बाइक की टक्कर से एक वृद्ध की मौत हो गई। यह हादसा बुधवार सुबह करीब 10:30 बजे नेवरा हाई स्कूल के सामने उस समय हुआ, जब वृद्ध खेत से लौटते हुए सड़क पार कर रहे थे। गंभीर रूप से घायल वृद्ध को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गनियारी ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

पुलिस के अनुसार, ग्राम नेवरा निवासी लक्ष्मीनारायण साहू की रिपोर्ट पर मामला दर्ज किया गया है। उन्होंने बताया कि उनके पिता खेत से पैदल घर लौट रहे थे। इसी दौरान गनियारी की ओर से तेज गति से आ रही होंडा शाइन मोटरसाइकिल ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के कारण वह कई फीट दूर जा गिरे, जिससे उनके सिर, पैर और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आईं।

घटना के बाद आसपास के लोगों और स्वजन की मदद से घायल को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन उपचार के दौरान चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर कोटा पुलिस मौके पर पहुंची, घटनास्थल का निरीक्षण किया और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

प्रारंभिक जांच में दुर्घटना का कारण बाइक चालक की तेज रफ्तार और लापरवाही सामने आई है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर चालक के खिलाफ बीएनएस की धारा 106(1) के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS