रायगढ़। रायगढ़ पुलिस ने फरार आरोपियों के खिलाफ चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन क्लीन हंट’ के तहत मानव तस्करी के मामले में करीब चार वर्ष से फरार चल रहे आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को जिला जशपुर के ग्राम जोराडोल से पकड़कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
एसएसपी शशि मोहन सिंह के अनुसार, 28 जून 2022 को थाना धरमजयगढ़ में एक 17 वर्षीय किशोरी के लापता होने की रिपोर्ट उसके पिता ने दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया था कि 23 जून 2022 की शाम किशोरी घर से बिना बताए चली गई थी। परिजनों की तलाश के बावजूद उसका पता नहीं चलने पर अज्ञात व्यक्ति द्वारा बहला-फुसलाकर ले जाने की आशंका जताई गई थी। इस पर थाना धरमजयगढ़ में अपराध क्रमांक 109/2022 दर्ज कर जांच शुरू की गई।
विवेचना के दौरान किशोरी को मध्यप्रदेश के अनुपपुर में रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) ने ट्रेन से दो संदिग्धों हीरालाल चौहान और देवलाल तिग्गा के साथ बरामद किया था। सूचना मिलने पर धरमजयगढ़ पुलिस ने किशोरी को सुरक्षित दस्तयाब किया।
जांच में सामने आया कि आरोपी हीरालाल चौहान, देवलाल तिग्गा, रामपाल यादव और रामा चौहान ने मिलकर किशोरी को बहला-फुसलाकर राजस्थान ले जाने तथा शादी कराने के नाम पर 20 हजार रुपये में बेचने की साजिश रची थी। मामले में मानव तस्करी सहित भारतीय दंड संहिता की विभिन्न गंभीर धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज किया गया।
पुलिस ने वर्ष 2022 में ही हीरालाल चौहान, देवलाल तिग्गा और रामपाल यादव को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था, जबकि रामा चौहान लगातार फरार चल रहा था। उसके विरुद्ध गिरफ्तारी शेष अभियोग पत्र भी न्यायालय में प्रस्तुत किया गया था।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में चल रहे ‘ऑपरेशन क्लीन हंट’ के दौरान धरमजयगढ़ पुलिस को सूचना मिली कि फरार आरोपी रामा चौहान अपने गृहग्राम जोराडोल, जिला जशपुर में मौजूद है। सूचना के आधार पर थाना प्रभारी निरीक्षक राजेश जांगड़े के नेतृत्व में पुलिस टीम ने दबिश देकर उसे गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपराध में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। इसके बाद उसे न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान रामा चौहान (35) निवासी ग्राम जोराडोल, थाना पत्थलगांव, जिला जशपुर के रूप में हुई है।
इस कार्रवाई में एडिशनल एसपी अनिल सोनी, एसडीओपी धरमजयगढ़ सिद्धांत तिवारी के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक राजेश जांगड़े, एएसआई मंजु मिश्रा, महिला आरक्षक सोनम भगत और आरक्षक अलेक्सियुस एक्का की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने कहा कि मानव तस्करी जैसे गंभीर अपराधों में शामिल किसी भी आरोपी को कानून से बचने नहीं दिया जाएगा। ऑपरेशन क्लीन हंट के तहत वर्षों से फरार अपराधियों की लगातार तलाश कर उन्हें गिरफ्तार किया जा रहा है।
प्रधान संपादक


