Explore

Search

July 16, 2026 3:50 am

रायपुर में ऑटो-ई-रिक्शा पर क्यूआर कोड, 15 दिन में 15,047 वाहनों का डिजिटल पंजीयन बना विश्व रिकॉर्ड

रायपुर। शहर में सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को अधिक सुरक्षित और व्यवस्थित बनाने की दिशा में पुलिस कमिश्नरेट ने ऑटो और ई-रिक्शा वाहनों पर क्यूआर कोड लगाने की शुरुआत कर दी है।कालीबाड़ी स्थित यातायात कार्यालय परिसर में पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला ने इस अभियान के दूसरे चरण का शुभारंभ किया।

पुलिस कमिश्नर आईपीएस डॉ संजीव शुक्ला ने बताया कि ऑटो और ई-रिक्शा के डिजिटल पंजीयन का पहला चरण 20 मई 2026 से शुरू किया गया था। अभियान के तहत मात्र 15 दिनों में 15,047 ऑटो और ई-रिक्शा का ऑनलाइन पंजीयन पूरा किया गया। इस उपलब्धि के लिए रायपुर देश का पहला जिला बना है, जिसने सार्वजनिक परिवहन वाहनों का डिजिटल रजिस्ट्रेशन कर गोल्डन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स में स्थान बनाया है। इस अवसर पर गोल्डन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स की टीम ने पुलिस अधिकारियों को प्रमाणपत्र और मेडल भी प्रदान किए।

अब दूसरे चरण में सभी पंजीकृत ऑटो और ई-रिक्शा पर क्यूआर कोड लगाया जाएगा। यात्री अपने मोबाइल फोन से क्यूआर कोड स्कैन कर चालक और वाहन की जानकारी प्राप्त कर सकेंगे। इससे यात्रियों की सुरक्षा बढ़ेगी और वाहन में सामान छूटने जैसी स्थिति में वाहन चालक तक पहुंचना भी आसान होगा।

पुलिस अधिकारियों ने नागरिकों से अपील की कि वे केवल क्यूआर कोड लगे ऑटो और ई-रिक्शा में ही यात्रा करें। उनका कहना है कि इस व्यवस्था से अपराधों की रोकथाम और सार्वजनिक परिवहन प्रणाली में पारदर्शिता बढ़ाने में भी मदद मिलेगी।

पुलिस ने बताया कि अगले चरण में ऑटो और ई-रिक्शा चालकों को परिचय पत्र जारी किए जाएंगे तथा शहर के ऑटो स्टैंडों का चिन्हांकन भी किया जाएगा।

कार्यक्रम के दौरान यातायात, साइबर अपराध, महिला सुरक्षा और सड़क सुरक्षा से संबंधित जागरूकता लघु फिल्मों का भी प्रदर्शन किया गया। इन फिल्मों का प्रसारण सोशल मीडिया, शहर के एलईडी स्क्रीन, मॉल और पीवीआर के माध्यम से किया जाएगा, ताकि अधिक से अधिक लोगों तक सुरक्षा और यातायात नियमों के प्रति जागरूकता पहुंच सके।

इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस आयुक्त अमित तुकाराम कांबले, डीसीपी मयंक गुर्जर, डीसीपी संदीप पटेल, डीसीपी स्मृतिक राजनाला, एडीसीपी डॉ अर्चना झा, डीसीपी ट्रैफिक एवं प्रोटोकॉल विवेक शुक्ला सहित पुलिस विभाग के अधिकारी, उद्योग जगत के प्रतिनिधि, ऑटो यूनियन के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में वाहन चालक उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में सहायक पुलिस आयुक्त सीमा अहिरवार ने आभार व्यक्त किया।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS