बिलासपुर, 27 जून। जिले में जल संरक्षण और भूजल संवर्धन को बढ़ावा देने की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। जनपद पंचायत बिल्हा की ग्राम पंचायत बिटकुली उत्तर स्थित रामसागर तालाब में इंजेक्शन वेल एवं परकोलेशन टैंक का निर्माण कार्य पूरा हो गया है। इस संरचना के माध्यम से वर्षा जल का संचयन कर उसे भूगर्भ में पहुंचाया जाएगा, जिससे क्षेत्र में भूजल स्तर बढ़ने के साथ सिंचाई और पेयजल की उपलब्धता में सुधार की उम्मीद है।

जिला प्रशासन के अनुसार कलेक्टर संजय अग्रवाल के मार्गदर्शन में जिलेभर में जल संरक्षण को जन आंदोलन का स्वरूप देने के उद्देश्य से इंजेक्शन वेल और परकोलेशन टैंक का निर्माण कराया जा रहा है। रामसागर तालाब में तैयार की गई संरचना वर्षा जल को सीधे भूगर्भ में पहुंचाने का कार्य करेगी। इससे आसपास के कुओं, हैंडपंपों और बोरवेलों में लंबे समय तक जल उपलब्ध रहने की संभावना बढ़ेगी। किसानों को सिंचाई के लिए पर्याप्त पानी मिलने के साथ क्षेत्र में जल संकट कम करने में भी मदद मिलेगी।

प्रशासन के मुताबिक जिले में कुल 291 इंजेक्शन वेल बनाए जा रहे हैं। इनमें से 91 का निर्माण कार्य पूरा हो चुका है, जबकि 200 इंजेक्शन वेल निर्माणाधीन हैं। सभी परियोजनाओं के पूर्ण होने के बाद जिले में भूजल पुनर्भरण की क्षमता में उल्लेखनीय वृद्धि होने की उम्मीद है।

जिला प्रशासन का कहना है कि जल संरक्षण की ऐसी स्थायी संरचनाएं भविष्य की जल आवश्यकताओं को पूरा करने में अहम भूमिका निभाएंगी। ग्रामीण क्षेत्रों में जल उपलब्धता बढ़ने से कृषि उत्पादन को भी बढ़ावा मिलेगा और जिले को दीर्घकालिक रूप से जल संकट से राहत मिल सकेगी।
प्रधान संपादक


