दुर्ग छत्तीसगढ़ ।आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित प्रतिक्रिया और संवेदनशील कार्यवाही करते हुए डायल-112 दुर्ग की टीम ने कई लोगों का जीवन बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। सड़क दुर्घटनाओं में घायल व्यक्तियों को समय पर अस्पताल पहुंचाने तथा आत्महत्या का प्रयास कर रहे लोगों को सुरक्षित बचाने जैसे सराहनीय कार्यों के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक विजय अग्रवाल द्वारा डायल-112 के कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र एवं नगद पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 27 मई 2026 को ग्राम फुंडा चौक के पास हुई सड़क दुर्घटना में तीन व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गए थे। सूचना मिलते ही डायल-112 पाटन चीता-1 के आरक्षक दीपक मानिकपुरी एवं चालक नीरज वर्मा मौके पर पहुंचे और घायलों को तत्काल शासकीय अस्पताल पाटन पहुंचाकर उपचार उपलब्ध कराया।
इसी प्रकार 8 जून 2026 को ग्राम मर्रा एवं सोरम के बीच हुई सड़क दुर्घटना में घायल योगेश बंजारे एवं हेमंत मरकाम को डायल-112 उतई चीता-2 के आरक्षक लोकेश परिहार एवं चालक रघुवीर दयाल ने सुरक्षित अस्पताल पहुंचाया। वहीं उसी रात लगभग 12:15 बजे सड़क दुर्घटना में घायल एक अन्य व्यक्ति को डायल-112 मोहन नगर चीता-1 के आरक्षक रमेश जायसवाल एवं चालक समीर कुमार ने जिला अस्पताल दुर्ग पहुंचाकर भर्ती कराया तथा उसके परिजनों को भी सूचना दी।
आत्महत्या के प्रयास से संबंधित मामलों में भी डायल-112 कर्मियों ने समय रहते हस्तक्षेप कर लोगों की जान बचाई। 10 जून को ग्राम डिमर निवासी एक युवक द्वारा आत्मघाती कदम उठाने की सूचना मिलने पर पाटन चीता-1 के आरक्षक नीलकमल गायकवाड़ एवं चालक नीरज वर्मा तत्काल मौके पर पहुंचे और युवक को सुरक्षित बचाकर आवश्यक समझाइश दी।
इसके अलावा 11 जून को पति-पत्नी विवाद के दौरान एक व्यक्ति द्वारा फांसी लगाने का प्रयास किए जाने की सूचना पर सुपेला चीता-2 के आरक्षक दुर्गेश राजपूत एवं चालक ऋषभ सिंह तत्काल मौके पर पहुंचे। टीम ने कमरे का दरवाजा खोलकर फांसी पर लटके व्यक्ति को सुरक्षित नीचे उतारा, जिससे उसकी जान बचाई जा सकी।
डायल-112 स्टाफ द्वारा प्रदर्शित तत्परता, कर्तव्यनिष्ठा एवं जनसेवा की भावना को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने उत्कृष्ट कार्य करने वाले कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र एवं नगद पुरस्कार देकर सम्मानित किया। सम्मानित कर्मचारियों में आरक्षक लोकेश परिहार, नीलकमल गायकवाड़, दुर्गेश राजपूत, दीपक मानिकपुरी, रमेश जायसवाल तथा चालक रघुवीर दयाल, नीरज वर्मा, ऋषभ सिंह और समीर कुमार शामिल हैं।
दुर्ग पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि किसी भी दुर्घटना, आपातकालीन स्थिति अथवा संकट की परिस्थिति में तत्काल डायल-112 पर सूचना दें, ताकि समय पर सहायता पहुंचाकर जनहानि को रोका जा सके। पुलिस ने लोगों से मानसिक तनाव या परेशानी की स्थिति में परिजनों एवं संबंधित व्यक्तियों से संवाद बनाए रखने तथा आवश्यकता पड़ने पर पुलिस एवं अन्य सहायता सेवाओं से संपर्क करने की भी अपील की है।
प्रधान संपादक


