Explore

Search

June 19, 2026 8:01 pm

दर्द से कराह रही गर्भवती महिला के लिए देवदूत बनी डायल-112 टीम

लोरमी। सड़क किनारे दर्द से कराह रही एक गर्भवती महिला और उसके घायल पति के लिए मुंगेली पुलिस की डायल-112 टीम उस समय किसी देवदूत से कम साबित नहीं हुई, जब बिना किसी सूचना के पुलिस जवानों ने मानवता का परिचय देते हुए दोनों को तत्काल अस्पताल पहुंचाकर उनकी जान बचाने में अहम भूमिका निभाई।

लोरमी-मुंगेली मुख्य मार्ग पर ग्राम झाफल तालाब के पास एक गर्भवती महिला और उसका पति सड़क दुर्घटना का शिकार होकर घायल अवस्था में पड़े थे। दर्द से तड़प रहे दंपत्ति की मदद के लिए आसपास कोई तत्काल उपलब्ध नहीं था। इसी दौरान डायल-112 वाहन वहां से गुजर रही थी।

डायल-112 में तैनात आरक्षक धर्मेन्द्र यादव और वाहन चालक चंद्रकुमार जायसवाल की नजर सड़क किनारे पड़े घायल दंपत्ति पर पड़ी। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए दोनों ने बिना समय गंवाए मानवता और कर्तव्यनिष्ठा का परिचय दिया। उन्होंने घायल महिला और उसके पति को तत्काल डायल-112 वाहन में बैठाकर 50 बिस्तर अस्पताल लोरमी पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उनका प्राथमिक उपचार शुरू किया।

विशेष बात यह रही कि पुलिस टीम को इस संबंध में कोई सूचना प्राप्त नहीं हुई थी। गश्त के दौरान उनकी सजगता और संवेदनशीलता ने समय रहते दोनों घायलों को चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई। चिकित्सकों के अनुसार समय पर अस्पताल पहुंचना दुर्घटना पीड़ितों के लिए बेहद महत्वपूर्ण साबित हुआ।

मुंगेली के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल के निर्देश पर जिले में डायल-112 सेवा को केवल कानून-व्यवस्था तक सीमित न रखकर जनसेवा का माध्यम बनाने पर विशेष जोर दिया जा रहा है। इसी का परिणाम है कि पुलिसकर्मी आम नागरिकों की सहायता के लिए हर परिस्थिति में तत्पर दिखाई दे रहे हैं।

घायल महिला और उसके पति ने समय पर मिली मदद के लिए डायल-112 टीम के प्रति आभार व्यक्त किया। वहीं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने भी डायल-112 के कर्मचारियों की कार्यकुशलता, संवेदनशीलता और मानवीय दृष्टिकोण की सराहना की है।

यह घटना एक बार फिर साबित करती है कि पुलिस केवल कानून की रक्षक ही नहीं, बल्कि संकट की घड़ी में आमजन की सबसे भरोसेमंद साथी भी है। मुंगेली पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी आपात स्थिति में तत्काल डायल-112 पर संपर्क करें, ताकि समय रहते आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई जा सके।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS