Explore

Search

July 14, 2026 6:19 pm

बिलासपुर में जेसीबी का टायर फटा, 18 वर्षीय हेल्पर की मौत; तीन घायल

बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में एक निर्माणाधीन कॉलोनी में हुए दर्दनाक हादसे में 18 वर्षीय हेल्पर की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोग घायल हो गए। हादसा शुक्रवार दोपहर चकरभाठा थाना क्षेत्र के बोदरी स्थित फॉर्च्यून एलिमेंट कॉलोनी में हुआ।

पुलिस के अनुसार, निर्माण स्थल पर जेसीबी मशीन के पंक्चर टायर की मरम्मत का काम चल रहा था। मरम्मत के बाद टायर में हवा भरी जा रही थी, तभी अचानक तेज धमाके के साथ टायर फट गया। धमाका इतना जबरदस्त था कि पास खड़ा हेल्पर कई फीट ऊपर उछलकर जमीन पर जा गिरा।

हादसे में गंभीर रूप से घायल युवक की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान 18 वर्षीय उमाकांत कौशिक के रूप में हुई है। वह सीपत क्षेत्र का निवासी था और निर्माण स्थल पर हेल्पर के तौर पर कार्यरत था।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, धमाके की आवाज दूर तक सुनाई दी। घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें टायर फटने के बाद अफरा-तफरी का माहौल दिखाई दे रहा है।

हादसे में तीन अन्य लोग भी घायल हुए हैं, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की पड़ताल कर रही है।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS