मुंगेली, छत्तीसगढ़: मुंगेली पुलिस ने अवैध जुआ गतिविधियों के खिलाफ चलाए जा रहे “ऑपरेशन बाज” के तहत कार्रवाई करते हुए खुड़िया क्षेत्र के जंगल में कथित रूप से जुआ खेल रहे 9 लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपियों के कब्जे से नकदी, मोबाइल फोन, मोटरसाइकिल और ताश के पत्ते सहित कुल 7.33 लाख रुपये से अधिक की संपत्ति जब्त की गई है।
पुलिस ने बताया कि साइबर सेल और चौकी खुड़िया को सूचना मिली थी कि ग्राम झिरिया (महुआमाचा) के जंगल में कुछ लोग हार-जीत का दांव लगाकर “काटपत्ती” नामक जुआ खेल रहे हैं। सूचना के आधार पर संयुक्त पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और कार्रवाई की।
पुलिस के मुताबिक, मौके से 53,500 रुपये नकद, आठ मोबाइल फोन, नौ मोटरसाइकिल और ताश के पत्ते बरामद किए गए। जब्त सामग्री का कुल अनुमानित मूल्य 7,33,500 रुपये बताया गया है।
गिरफ्तार किए गए लोगों में कबीरधाम, बिलासपुर और मुंगेली जिले के निवासी शामिल हैं। इनमें दयाराम साहू, दिलीप दिवाकर, रमाकांत शर्मा, चंदरेश साहू, राजेंद्र नवरंग, रामसिंह डहरिया, रामचंद्र साहू, सुशील ध्रुव और धर्मेंद्र भास्कर के नाम शामिल हैं।
पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ जुआ अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया है। इसके अलावा उन्हें गिरफ्तार कर भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की संबंधित धाराओं के तहत बाउंड ओवर की कार्रवाई के लिए न्यायालय में पेश किया गया।
मुंगेली के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल के निर्देश पर की गई इस कार्रवाई में साइबर सेल प्रभारी उपनिरीक्षक सतेन्द्रपुरी गोस्वामी, चौकी खुड़िया प्रभारी सहायक उपनिरीक्षक माधव टांडिया तथा उनकी टीम शामिल रही।
पुलिस का कहना है कि जिले में अवैध गतिविधियों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।
नोट: गिरफ्तार व्यक्तियों पर लगाए गए आरोप पुलिस के अनुसार हैं। मामले में अंतिम निष्कर्ष न्यायिक प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही माना जाएगा।
प्रधान संपादक


