रायगढ़, 14 जून। रायगढ़ पुलिस ने ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा और हवाला नेटवर्क के खिलाफ चलाए जा रहे “ऑपरेशन क्लीन हंट” के तहत एक और कार्रवाई करते हुए फरार आरोपी आकाश पंसारी (32) को गिरफ्तार किया है। आरोपी सक्ती क्षेत्र का निवासी है और उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
पुलिस के अनुसार, ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा सिंडिकेट की जांच के दौरान आकाश पंसारी का नाम सामने आया था। जांच में मिले तकनीकी और वित्तीय साक्ष्यों के आधार पर उसकी तलाश की जा रही थी। साइबर थाना की टीम ने मुखबिर सूचना और तकनीकी इनपुट के आधार पर सक्ती में दबिश देकर आरोपी को गिरफ्तार किया।
पुलिस का दावा है कि आरोपी कथित रूप से करण चौधरी गैंग के नेटवर्क से जुड़ा हुआ था तथा ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा संचालन के साथ-साथ हवाला के माध्यम से रकम के लेन-देन में भी भूमिका निभा रहा था। आरोपी के कब्जे से एक आईफोन और एक वीवो मोबाइल फोन जब्त किए गए हैं।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा से जुड़े मामलों में पहले भी कई आरोपियों की गिरफ्तारी की जा चुकी है। 26 अप्रैल को साइबर सेल, कोतवाली और घरघोड़ा थाना की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए छह आरोपियों को गिरफ्तार किया था। उस दौरान मोबाइल फोन, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण और नगदी भी बरामद की गई थी।
विवेचना के दौरान पुलिस ने कॉल डिटेल रिकॉर्ड, चैट रिकॉर्ड, डिजिटल ट्रेल और वित्तीय लेन-देन का विश्लेषण किया। जांच में रायगढ़ से लेकर सक्ती, रायपुर, बिलासपुर और दिल्ली तक फैले नेटवर्क की जानकारी सामने आने का दावा किया गया है। पुलिस का कहना है कि सट्टे से प्राप्त रकम को विभिन्न व्यावसायिक माध्यमों से हवाला चैनलों के जरिए स्थानांतरित किया जाता था।
पुलिस ने बताया कि मामले में आर्थिक अपराध और कथित हवाला नेटवर्क की भी जांच जारी है। विभिन्न आरोपियों के कब्जे से पूर्व में बड़ी मात्रा में नगदी और अन्य सामग्री जब्त की जा चुकी है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आईपीएस शशि मोहन सिंह ने कहा कि ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा, हवाला और आर्थिक अपराध से जुड़े नेटवर्क के विरुद्ध कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। उन्होंने कहा कि तकनीकी साक्ष्यों और वित्तीय जांच के आधार पर मामले से जुड़े सभी व्यक्तियों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
प्रधान संपादक


