बिलासपुर। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष नन्दन जैन ने कहा है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश एक समृद्ध, सशक्त और आत्मनिर्भर भारत की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के रूप में लगातार 12 वर्षों का कार्यकाल भारतीय लोकतंत्र के इतिहास में स्वर्णिम और ऐतिहासिक काल के रूप में दर्ज हुआ है तथा विकसित भारत की मजबूत नींव इसी अवधि में रखी गई है।
श्री जैन ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास” के मंत्र को धरातल पर उतारते हुए गरीब, किसान, महिला, युवा और वंचित वर्गों के कल्याण के लिए अनेक योजनाएं संचालित की हैं। उन्होंने जनधन योजना, आयुष्मान भारत, प्रधानमंत्री आवास योजना, उज्ज्वला योजना, जल जीवन मिशन, स्वच्छ भारत मिशन, पीएम किसान सम्मान निधि, मुद्रा योजना और पीएम विश्वकर्मा योजना सहित विभिन्न योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि इनसे करोड़ों लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव आया है।
श्री जैन ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत की वैश्विक प्रतिष्ठा बढ़ी है और देश आज विश्व मंच पर एक मजबूत एवं भरोसेमंद राष्ट्र के रूप में स्थापित हुआ है। उन्होंने जी-20 की सफल अध्यक्षता, वैक्सीन मैत्री अभियान, विदेशी निवेश में वृद्धि तथा भारत की मजबूत विदेश नीति का उल्लेख करते हुए कहा कि आज पूरी दुनिया भारत की ओर आशा और विश्वास के साथ देख रही है।
उन्होंने कहा कि पिछले 12 वर्षों में विकास के साथ-साथ देश की सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण और राष्ट्रीय गौरव को भी नई पहचान मिली है। कर्तव्य पथ, पंचतीर्थ, जनजातीय गौरव दिवस, स्टैच्यू ऑफ यूनिटी, नए संसद भवन तथा राष्ट्रीय युद्ध स्मारक जैसे कदमों से देश की सांस्कृतिक चेतना को मजबूती मिली है।
छत्तीसगढ़ के विकास का उल्लेख करते हुए श्री जैन ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के संवेदनशील नेतृत्व में राज्य में प्रधानमंत्री आवास योजना, रेलवे परियोजनाओं, किसान कल्याण योजनाओं तथा उड़ान योजना के माध्यम से विकास कार्यों को गति मिली है। उन्होंने कहा कि राज्य में लाखों परिवारों को आवास उपलब्ध कराने और किसानों को शून्य प्रतिशत ब्याज पर ऋण देने की दिशा में उल्लेखनीय कार्य हुए हैं।
प्रदेश उपाध्यक्ष नन्दन जैन ने कहा कि भाजपा ने ग्राम पंचायत से लेकर संसद तक जनता का विश्वास प्राप्त किया है और प्रधानमंत्री मोदी ने अपने कार्यकाल में विकास एवं सुशासन का नया अध्याय लिखा है।
इस अवसर पर भाजपा ग्रामीण जिलाध्यक्ष मोहित प्रबल प्रताप सिंह जूदेव, जनक देवांगन, प्रणव शर्मा, समदरिया, ऋषभ चतुर्वेदी, रवीश गुप्ता, राज्यवर्धन कौशिक, जय वाधवानी, शैलू गोरख, कुंदन दीवान, पवन कश्यप तथा यश गौरहा सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे।
प्रधान संपादक


