Explore

Search

August 2, 2026 10:54 am

भीषण गर्मी में राहगीरों को मिलेगी राहत, मां महामाया ट्रस्ट एवं स्वयं सिद्धा फाउंडेशन ने लगाया वाटर कूलर

बिलासपुर। भीषण गर्मी के बीच आम नागरिकों, श्रद्धालुओं और राहगीरों को शीतल पेयजल उपलब्ध कराने के उद्देश्य से मां महामाया ट्रस्ट एवं स्वयं सिद्धा फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में श्री शनि साईं धाम, राजकिशोर नगर बिलासपुर में वाटर कूलर स्थापित किया गया। वाटर कूलर का विधिवत उद्घाटन सीएमडी कॉलेज के अध्यक्ष एवं चेयरमैन संजय दुबे ने फीता काटकर किया।

इस अवसर पर मुख्य अतिथि संजय दुबे ने कहा कि भीषण गर्मी के इस दौर में लोगों को शीतल जल उपलब्ध कराना एक अनुकरणीय एवं सराहनीय सेवा कार्य है। उन्होंने कहा कि ऐसे प्रयास समाज में सेवा और सहयोग की भावना को मजबूत करते हैं तथा अन्य संस्थाओं को भी जनहित के कार्यों के लिए प्रेरित करते हैं।

स्वयं सिद्धा फाउंडेशन के अध्यक्ष चंचल सलूजा ने बताया कि संस्था द्वारा प्रत्येक वर्ष गर्मी के मौसम में प्याऊ घर और वाटर कूलर की व्यवस्था कर आम जनता को राहत पहुंचाने का प्रयास किया जाता है। उन्होंने कहा कि सामाजिक सरोकारों से जुड़े विभिन्न सेवा कार्यों में संस्था निरंतर सक्रिय भूमिका निभा रही है।

फाउंडेशन के सचिव नवीन दुबे ने बताया कि संस्था के सेवा कार्य केवल शहर तक सीमित नहीं हैं, बल्कि आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में भी विभिन्न संस्थाओं के सहयोग से प्याऊ घर एवं वाटर कूलर स्थापित किए जा रहे हैं। उन्होंने सभी सहयोगियों और समाजसेवियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि जनसहयोग से ही ऐसे कार्यक्रम सफल हो पाते हैं।

कार्यक्रम में फाउंडेशन की संस्थापिका ऋतु साहू, श्वेता सिंह, रम्या सुभाष, विजयलक्ष्मी, विमला रजक सहित श्री शनि साईं धाम मंदिर समिति के अध्यक्ष सौमित्र धर, संजय नामदेव, चंद्रकिशोर प्रसाद, अजीत पंडित, संदीप डे एवं समिति के अन्य सदस्य बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों ने संस्था के इस जनसेवा कार्य की सराहना करते हुए इसे गर्मी के मौसम में आमजन के लिए उपयोगी पहल बताया।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS