Explore

Search

September 19, 2026 5:25 pm

रेशम, खादी और हथकरघा क्षेत्र को नई दिशा, बुनकरों की आय बढ़ाने पर जोर

रायपुर, 12 जून 2026। केंद्रीय वस्त्र मंत्री गिरिराज सिंह ने रेशम, खादी, हथकरघा और हस्तशिल्प क्षेत्रों के विकास के लिए अधिकारियों को प्रभावी कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने बुनकरों, शिल्पियों और कारीगरों को नियमित डिजाइन प्रशिक्षण उपलब्ध कराने पर जोर देते हुए कहा कि इससे उत्पादों की गुणवत्ता, बाजार में प्रतिस्पर्धात्मकता और आय में वृद्धि सुनिश्चित होगी।

राज्य अतिथि गृह पहुना में आयोजित समीक्षा बैठक में रायपुर सांसद बृजमोहन अग्रवाल सहित विभिन्न बोर्डों के पदाधिकारी और वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। बैठक में ग्रामीण एवं कुटीर उद्योग क्षेत्र के उद्यमियों की वार्षिक आय 5 लाख रुपये तक पहुंचाने के लक्ष्य पर विशेष चर्चा हुई।

केंद्रीय मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि हथकरघा और हस्तशिल्प क्षेत्र से जुड़े उद्यमियों को निर्यात एजेंसियों से जोड़कर उनके उत्पादों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय बाजार तक पहुंचाने के प्रयास किए जाएं। उन्होंने कहा कि निर्यात बढ़ने से कारीगरों और बुनकरों को बेहतर आर्थिक लाभ मिलेगा।

बैठक में सिल्क और कॉटन उत्पादों में अन्य प्राकृतिक रेशों के उपयोग से नए उत्पाद विकसित करने और बाजार विस्तार की संभावनाओं पर भी विचार-विमर्श किया गया। इसके अलावा रेशम केंद्रों में रेशम पौधों के साथ फ्लोरीकल्चर और सब्जी उत्पादन की मिश्रित खेती को बढ़ावा देने के निर्देश दिए गए, ताकि कृमिपालकों और कीटपालकों की आय के अतिरिक्त स्रोत विकसित हो सकें।

श्री सिंह ने वस्त्र निर्माण में प्राकृतिक रंगों के उपयोग को बढ़ावा देने की आवश्यकता पर बल देते हुए हल्दी, कत्था, मेहंदी और विभिन्न पुष्पों से प्राप्त रंगों के अधिक उपयोग की बात कही। उन्होंने आधुनिक डिजाइन, नवाचार और उत्पाद विकास को प्रोत्साहित करने के लिए नेशनल इंस्टीट्यूट आफ़ फ़ैशन टेक्नोलॉजी के सहयोग से कार्य करने के निर्देश भी दिए।

बैठक में खादी, ग्रामोद्योग, हथकरघा, हस्तशिल्प और रेशम क्षेत्र के समग्र विकास, रोजगार सृजन तथा ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने के विभिन्न उपायों पर विस्तृत चर्चा की गई। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि इन क्षेत्रों के सशक्त होने से ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार के अवसर बढ़ेंगे और स्थानीय उत्पादों को नए बाजार मिलेंगे।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS