Explore

Search

June 9, 2026 12:07 am

जल संकट को लेकर कांग्रेस का नगर निगम घेराव, शुद्ध पेयजल व्यवस्था की मांग

बिलासपुर, 08 जून। भीषण गर्मी के बीच शहर में गहराते जल संकट को लेकर कांग्रेस कमेटी के नेतृत्व में सोमवार को नगर निगम कार्यालय का घेराव किया गया। इस दौरान बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ताओं और स्थानीय नागरिकों ने प्रदर्शन करते हुए पेयजल समस्या के समाधान की मांग उठाई।

प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि शहर के कई वार्डों में लोगों को नियमित और स्वच्छ पेयजल उपलब्ध नहीं हो पा रहा है। उन्होंने मांग की कि नागरिकों को शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने के लिए तत्काल प्रभावी व्यवस्था की जाए। साथ ही नालियों के समीप से गुजर रही पुरानी और जर्जर पाइप लाइनों को बदलकर नई पाइप लाइन बिछाई जाए, ताकि दूषित पानी की आपूर्ति की समस्या समाप्त हो सके।

कांग्रेस नेताओं और नागरिकों ने जलापूर्ति व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए आवश्यक स्थानों पर नए बोरवेल खोदे जाने तथा सभी वार्डों में नियमित रूप से स्वच्छ पानी उपलब्ध कराने की मांग भी की। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि भीषण गर्मी के मौसम में पानी की समस्या से आम लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

घेराव के दौरान प्रदर्शनकारियों ने नगर निगम प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए जल्द से जल्द जल संकट के समाधान के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि समस्याओं का निराकरण नहीं किया गया तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा।

प्रदर्शन के बाद कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल में शामिल रविंद्र सिंह विजय पांडेय समीर अहमद उर्फ़ बबला सहित अन्य कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने नगर निगम अधिकारियों को ज्ञापन सौंपकर अपनी मांगों पर शीघ्र कार्रवाई करने की मांग की।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS