नई दिल्ली/बागपत। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा शुरू किए गए माय भारत (MY Bharat) प्लेटफॉर्म ने विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग 2026 की राष्ट्रीय क्विज प्रतियोगिता में रिकॉर्ड भागीदारी के साथ गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड्स में स्थान बनाया है। इस उपलब्धि के उपलक्ष्य में नई दिल्ली स्थित श्रम शक्ति भवन में आयोजित विशेष समारोह में केंद्रीय युवा कार्यक्रम एवं खेल तथा श्रम एवं रोजगार मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया ने देशभर के चुनिंदा युवा नेतृत्वकर्ताओं और टॉप यूथ चैंपियन के साथ यह विश्व कीर्तिमान साझा किया।
समारोह में उत्तर प्रदेश का प्रतिनिधित्व बागपत के युवा आइकॉन एवं माय भारत स्वयंसेवक अमन कुमार ने किया। देशभर से आमंत्रित 10 टॉप यूथ चैंपियन में उनका चयन किया गया। माय भारत और विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग के माध्यम से युवाओं को नेतृत्व, अवसर और राष्ट्र निर्माण से जोड़ने में उनके योगदान को देखते हुए उन्हें विशेष आमंत्रण दिया गया था।
इस अवसर पर केंद्रीय मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया ने कहा कि युवा शक्ति ही राष्ट्र शक्ति है। उन्होंने इस विश्व रिकॉर्ड को माय भारत से जुड़े देशभर के युवाओं को समर्पित किया।
बागपत के अमन कुमार इससे पहले विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग में टीम उत्तर प्रदेश के ग्रुप कैप्टन के रूप में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा चुके हैं। उन्होंने प्रदेश के 75 जिलों से आए युवाओं का राष्ट्रीय स्तर पर नेतृत्व किया था। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल की उपस्थिति में उन्होंने टीम उत्तर प्रदेश का नेतृत्व कर प्रदेश की युवा शक्ति का प्रतिनिधित्व किया था।
अमन कुमार की सफलता की कहानी संघर्ष और संकल्प से जुड़ी है। आर्थिक चुनौतियों के बीच उन्होंने गांव-गांव साइकिल से अखबार वितरित करने का कार्य किया। इसी दौरान समाचारों और सूचनाओं के माध्यम से उन्हें शिक्षा, छात्रवृत्ति, प्रतियोगिताओं और सरकारी योजनाओं की जानकारी मिली, जिसने उनके जीवन की दिशा बदल दी।

युवाओं तक अवसरों की जानकारी पहुंचाने के उद्देश्य से उन्होंने “कोई युवा पीछे न छूटे” अभियान के तहत ‘प्रोजेक्ट कॉन्टेस्ट 360’ की शुरुआत की। उनके अनुसार इस पहल के माध्यम से देशभर के 86 लाख से अधिक युवाओं तक शिक्षा, छात्रवृत्ति, प्रतियोगिता, इंटर्नशिप और करियर से जुड़ी जानकारी पहुंचाई जा चुकी है।
माय भारत से जुड़ने के बाद अमन कुमार ने युवाओं को नेतृत्व और स्वयंसेवा से जोड़ने के लिए विभिन्न स्तरों पर कार्य किया। वर्तमान में वह माय भारत से संबद्ध उड़ान यूथ क्लब के अध्यक्ष हैं और विकसित भारत मिशन से युवाओं को जोड़ने का अभियान चला रहे हैं।
तकनीक और सामाजिक नवाचार के क्षेत्र में भी उन्होंने उल्लेखनीय कार्य किया है। बागपत प्रशासन के सहयोग से कांवड़ यात्रा एप, स्वीप बागपत एप और सूचना सेतु एप जैसे डिजिटल समाधान विकसित किए गए, जिनसे बड़ी संख्या में लोगों को लाभ मिला।
अमन कुमार को उत्तर प्रदेश सरकार का स्वामी विवेकानंद राज्य युवा पुरस्कार प्राप्त हो चुका है। हाल ही में उन्हें उत्तर प्रदेश विधानसभा में यूथ आइकॉन के रूप में सम्मानित किया गया। इसके अलावा उन्हें राष्ट्रीय स्तर पर आई वॉलंटियर यूथ चैंपियन अवॉर्ड भी मिल चुका है। वह यूनेस्को, यूनिसेफ, हंड्रेड और क्लाइमेट कार्डिनल्स जैसे राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय मंचों से भी जुड़े हुए हैं।
अमन कुमार का कहना है कि ग्रामीण क्षेत्रों में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है। आवश्यकता केवल सही जानकारी, विश्वास और अवसर की है। उनका पूरा प्रयास इसी दिशा में केंद्रित है कि कोई भी युवा अवसरों के अभाव में पीछे न रह जाए।
प्रधान संपादक


