Explore

Search

June 8, 2026 4:52 pm

भुवनेश्वर में छत्तीसगढ़ पर्यटन का रोड शो, ओडिशा के पर्यटन उद्योग ने दिखाई विशेष रुचि

रायपुर।छत्तीसगढ़ पर्यटन मंडल ने सहयोगी संस्था FICCI के साथ मिलकर भुवनेश्वर के मेफेयर कन्वेंशन सेंटर में छत्तीसगढ़ पर्यटन रोड शो का आयोजन किया। कार्यक्रम में राज्य की जनजातीय संस्कृति, पुरातात्विक धरोहरों, आध्यात्मिक स्थलों, प्राकृतिक पर्यटन स्थलों और निवेश की संभावनाओं का प्रदर्शन किया गया।

रोड शो में टूर ऑपरेटर्स, होटल व्यवसायियों, ट्रैवल एजेंट्स, मीडिया प्रतिनिधियों तथा दोनों राज्यों के अधिकारियों ने भाग लिया। आयोजन का उद्देश्य छत्तीसगढ़ की पर्यटन संभावनाओं को राष्ट्रीय स्तर पर प्रस्तुत करना और ओडिशा तथा छत्तीसगढ़ के बीच पर्यटन सहयोग को मजबूत बनाना था।

छत्तीसगढ़ पर्यटन मंडल के अध्यक्ष नीलू शर्मा ने ओडिशा के पर्यटन कारोबारियों को छत्तीसगढ़ के पर्यटन स्थलों का भ्रमण करने और पर्यटकों को राज्य में लाने का आमंत्रण दिया। उन्होंने कहा कि पर्यटन विकास के लिए सरकार के साथ निजी क्षेत्र और पर्यटन उद्योग की सक्रिय भागीदारी आवश्यक है। उन्होंने दोनों राज्यों के बीच संयुक्त पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा देने पर भी जोर दिया।

पर्यटन विभाग के सचिव एस. भारती दासन ने कहा कि राज्य सरकार सतत और अनुभव-आधारित पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने बताया कि नई दिल्ली, कोलकाता, वडोदरा और भोपाल सहित कई प्रमुख शहरों में पर्यटन सूचना केंद्र स्थापित किए गए हैं तथा ओडिशा में भी छत्तीसगढ़ पर्यटन कार्यालय खोलने की दिशा में प्रयास किए जा रहे हैं।

छत्तीसगढ़ पर्यटन मंडल के प्रबंध संचालक विवेक आचार्य ने कहा कि राज्य में पर्यटन अधोसंरचना को मजबूत करने और पर्यटकों के अनुभव को बेहतर बनाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने ओडिशा के ट्रैवल ट्रेड पार्टनर्स को थीम आधारित पर्यटन सर्किटों और विशेष पर्यटन अनुभवों के प्रचार-प्रसार में सहयोग के लिए आमंत्रित किया।

सांस्कृतिक कार्यक्रम और बी-टू-बी सत्र आकर्षण का केंद्र

कार्यक्रम की शुरुआत छत्तीसगढ़ की लोक संस्कृति और परंपराओं पर आधारित सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से हुई। इसके बाद रोड शो में राज्य के प्रमुख पर्यटन स्थलों, निवेश अवसरों और नए पर्यटन उत्पादों पर विस्तृत जानकारी दी गई।

बी-टू-बी नेटवर्किंग सत्र में ओडिशा के टूर ऑपरेटर्स और छत्तीसगढ़ के पर्यटन क्षेत्र से जुड़े प्रतिनिधियों के बीच संयुक्त पर्यटन पैकेज, व्यावसायिक साझेदारी और पर्यटन प्रचार-प्रसार के विभिन्न पहलुओं पर चर्चा हुई।

पर्यटन उद्योग ने जताई साझेदारी की इच्छा

कार्यक्रम में शामिल ट्रैवल और हॉस्पिटैलिटी क्षेत्र के प्रतिनिधियों ने छत्तीसगढ़ को सांस्कृतिक, आध्यात्मिक और एडवेंचर पर्यटन के लिए एक उभरते गंतव्य के रूप में विकसित करने की दिशा में सहयोग की इच्छा जताई। रोड शो का समापन नेटवर्किंग डिनर के साथ हुआ, जहां पर्यटन क्षेत्र में साझेदारी और सहयोग की संभावनाओं पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS