Explore

Search

June 7, 2026 7:27 pm

विश्व पर्यावरण दिवस पर श्रद्धा महिला मंडल ने शुरू किया वृक्षारोपण अभियान, मानसून में 1000 पौधे लगाने का लक्ष्य

बिलासपुर। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर श्रद्धा महिला मंडल, एसईसीएल बिलासपुर द्वारा पर्यावरण संरक्षण एवं हरित जीवनशैली को बढ़ावा देने के उद्देश्य से वृक्षारोपण अभियान का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम का आयोजन उत्साह एवं संकल्प के साथ किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में महिला मंडल की पदाधिकारी, सदस्याएं तथा एसईसीएल के कर्मचारी शामिल हुए।

अभियान की शुरुआत गत 4 जून को वसंत क्लब परिसर में श्रद्धा महिला मंडल की अध्यक्षा श्रीमती शशि दुहन ने पौधारोपण कर की। इस अवसर पर महिला मंडल की उपाध्यक्षों एवं अन्य सदस्याओं ने भी पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता जताई।

कार्यक्रम के दौरान उपस्थित सदस्यों एवं कर्मचारियों को फलदार पौधे तथा पर्यावरण अनुकूल जूट के थैले वितरित किए गए। इस पहल का उद्देश्य अधिक से अधिक लोगों को वृक्षारोपण एवं पर्यावरण संरक्षण के लिए प्रेरित करना रहा।

अपने संबोधन में श्रीमती शशि दुहन ने सभी से अधिकाधिक वृक्ष लगाने और उनकी नियमित देखभाल करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि वृक्ष पर्यावरण संतुलन बनाए रखने के साथ-साथ आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ, स्वस्थ और सुरक्षित भविष्य की आधारशिला हैं।

उन्होंने श्रद्धा महिला मंडल की विभिन्न क्षेत्रों में संचालित समितियों को आगामी मानसून सत्र के दौरान कम से कम 1000 पौधे लगाने का लक्ष्य दिया। साथ ही अभियान को जनभागीदारी के माध्यम से व्यापक स्वरूप देने पर बल दिया।

कार्यक्रम के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण, हरित जीवनशैली एवं स्वच्छ वातावरण के प्रति जागरूकता का संदेश दिया गया। उपस्थित सभी लोगों ने पर्यावरण संरक्षण एवं संवर्धन के लिए सक्रिय योगदान देने का संकल्प लिया।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS