
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने तैयारियों की समीक्षा की, अधिकारियों को दिए आवश्यक निर्देश
रायपुर, 15 मई 2026। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह की अध्यक्षता में 19 मई को बस्तर में मध्य क्षेत्रीय परिषद की 26वीं बैठक आयोजित होगी। बैठक में छत्तीसगढ़ मध्यप्रदेष उत्तरप्रदेश और उत्तराखंड के मुख्यमंत्री शामिल होंगे।
बैठक की तैयारियों को लेकर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने मंत्रालय महानदी भवन में उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक ली। अधिकारियों ने पीपीटी प्रस्तुतीकरण के माध्यम से परिषद की बैठक में उठाए जाने वाले विभिन्न विषयों की जानकारी दी। मुख्यमंत्री ने सभी बिंदुओं की विस्तार से समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों को विभिन्न जिम्मेदारियां सौंपते हुए निर्देश दिए कि आयोजन की तैयारियों में किसी प्रकार की कमी न रहे और सभी व्यवस्थाएं समन्वय के साथ सुनिश्चित की जाएं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि विकसित भारत के निर्माण में मध्य क्षेत्रीय परिषद के राज्यों की भूमिका महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि यह परिषद सदस्य राज्यों के बीच सहयोग और समन्वय का उत्कृष्ट उदाहरण है तथा क्षेत्रीय परिषदें केंद्र और राज्यों के बीच संवाद को मजबूत करने का प्रभावी मंच बन चुकी हैं।
उन्होंने कहा कि मजबूत राज्य ही मजबूत राष्ट्र का निर्माण करते हैं और इसी भावना के साथ क्षेत्रीय परिषदें विकास, प्रशासनिक समन्वय और राष्ट्रीय एकता को नई दिशा प्रदान कर रही हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले वर्षों में इन परिषदों ने राज्यों के बीच सहयोग और विकासोन्मुखी सोच को बढ़ावा देने में अहम भूमिका निभाई है।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि बस्तर में इस महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन प्रदेश के लिए गौरव का विषय है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में शांति स्थापना के बाद इस स्तर की राष्ट्रीय बैठक का आयोजन यह दर्शाता है कि राज्य सरकार बस्तर के विकास और नई संभावनाओं को लेकर प्रतिबद्ध है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के नेतृत्व में नक्सल उन्मूलन के प्रयासों से क्षेत्र में शांति स्थापित हुई है और अब बस्तर विकास की नई राह पर आगे बढ़ रहा है। मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि इंद्रावती की गोद से बस्तर विकास की नई गाथा लिखेगा तथा मध्य क्षेत्रीय परिषद की यह बैठक क्षेत्र के विकास को नई गति प्रदान करेगी।
प्रधान संपादक


