Explore

Search

May 16, 2026 3:41 pm

अरुण देव गौतम बने छत्तीसगढ़ के पूर्णकालिक डीजीपी, राज्य सरकार ने जारी किया आदेश

छत्तीसगढ़ ।अरुण देव गौतम को छत्तीसगढ़ का पूर्णकालिक पुलिस महानिदेशक डीजीपी नियुक्त किया गया है। राज्य सरकार के गृह विभाग ने इस संबंध में आदेश जारी कर दिया है। जारी आदेश के अनुसार संघ लोक सेवा आयोग यूपीएससी नई दिल्ली द्वारा पुलिस महानिदेशक की नियुक्ति के लिए गठित पैनल की अनुशंसा पर 1992 बैच के आईपीएस अधिकारी अरुण देव गौतम को छत्तीसगढ़ पुलिस बल प्रमुख के पद पर नियुक्त किया गया है।

अरुण देव गौतम वर्तमान में प्रभारी पुलिस महानिदेशक के रूप में कार्यरत थे। अब उन्हें उनके प्रभार ग्रहण करने की तिथि से पूर्णकालिक डीजीपी नियुक्त किया गया है। इस नियुक्ति के साथ उनका कार्यकाल भी बढ़ जाएगा।

अरुण देव गौतम इससे पहले छत्तीसगढ़ के गृह सचिव की जिम्मेदारी भी संभाल चुके हैं। उत्कृष्ट सेवाओं के लिए उन्हें संयुक्त राष्ट्र पुलिस पदक और राष्ट्रपति पदक से सम्मानित किया जा चुका है।

मूल रूप से उत्तर प्रदेश के कानपुर निवासी अरुण देव गौतम का जन्म 2 जुलाई 1967 को फतेहपुर जिले के अभयपुर गांव में हुआ था। उन्होंने प्रारंभिक शिक्षा गांव के सरकारी स्कूल से प्राप्त की। इसके बाद दसवीं और बारहवीं की पढ़ाई राजकीय इंटर कॉलेज इलाहाबाद से पूरी की। इलाहाबाद विश्वविद्यालय से कला संकाय में स्नातक और राजनीति शास्त्र में स्नातकोत्तर की पढ़ाई करने के बाद उन्होंने जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय से अंतरराष्ट्रीय कानून में एमफिल की डिग्री हासिल की।

अरुण देव गौतम ने यूपीएससी परीक्षा उत्तीर्ण करने के बाद 12 अक्टूबर 1992 को आईपीएस सेवा ज्वाइन की थी। अब उन्हें छत्तीसगढ़ पुलिस की कमान सौंपे जाने के बाद प्रशासनिक और पुलिस महकमे में नई जिम्मेदारी मिली है।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS