Explore

Search

May 3, 2026 7:05 pm

ऑपरेशन तलाश में रायगढ़ पुलिस की बड़ी सफलता, अप्रैल में 251 गुमशुदा लोगों को परिजनों से मिलाया

“कई राज्यों तक पहुंची पुलिस, सुरक्षित वापसी सुनिश्चित,लैलूंगा थाना अव्वल, भूपदेवपुर का प्रदर्शन सर्वश्रेष्ठ”

रायगढ़ ।गुमशुदा व्यक्तियों की तलाश के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान ऑपरेशन तलाश के तहत रायगढ़ पुलिस ने अप्रैल माह में उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की है। पुलिस ने कुल 251 गुमशुदा व्यक्तियों को खोजकर सुरक्षित उनके परिजनों से मिलाया, जिससे सैकड़ों परिवारों में खुशियां लौट आईं। इनमें 36 नाबालिग और 215 वयस्क शामिल हैं।

इस अभियान को लीड करने वाली डीएसपी श्रीमती उन्नति ठाकुर ने बताया के अभियान के दौरान नाबालिगों से जुड़े मामलों को प्राथमिकता देते हुए पुलिस ने जिले के साथ-साथ अन्य जिलों एवं राज्यों तक पहुंचकर बच्चों को सकुशल बरामद किया। जिन मामलों में बहला-फुसलाकर ले जाने अथवा शोषण की पुष्टि हुई, उनमें आरोपियों के खिलाफ पॉक्सो एक्ट के तहत कठोर कार्रवाई की गई।

कई राज्यों तक पहुंची पुलिस, सुरक्षित वापसी सुनिश्चित

रायगढ़ पुलिस की टीमों ने दिल्ली, पंजाब के जालंधर, अंबिकापुर, डभरा और चंद्रपुर जैसे दूरस्थ क्षेत्रों तक पहुंचकर गुम बालक-बालिकाओं को खोज निकाला। इस दौरान जूटमिल, पूंजीपथरा और कोतवाली थाना क्षेत्रों में त्वरित कार्रवाई कर कई अहम मामलों का सफल निराकरण किया गया।

लैलूंगा थाना अव्वल, भूपदेवपुर का प्रदर्शन सर्वश्रेष्ठ

अप्रैल माह में थाना लैलूंगा ने सर्वाधिक 42 गुमशुदा व्यक्तियों को खोजने में सफलता पाई। इसके अलावा चक्रधरनगर (29), जूटमिल (27), पूंजीपथरा (24), कोतवाली एवं पुसौर (23-23) सहित अन्य थानों ने भी सक्रियता दिखाई।

दर्ज प्रकरणों के अनुपात में थाना भूपदेवपुर का प्रदर्शन सबसे बेहतर रहा, जहां सभी गुम नाबालिगों को खोज लिया गया।

चंद्रपुर से नाबालिग बरामद, आरोपी गिरफ्तार

जूटमिल थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक नाबालिग बालिका को चंद्रपुर से सकुशल बरामद किया। मामले में आरोपी को गिरफ्तार कर पॉक्सो एक्ट के तहत जेल भेजा गया।

जालंधर पंजाब से बालिका की वापसी

लगातार प्रयासों के बाद जूटमिल पुलिस ने पंजाब के जालंधर से एक नाबालिग बालिका को खोज निकाला। आरोपी के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की गई।

अंबिकापुर से 15 वर्षीय बालिका बरामद

पूंजीपथरा पुलिस ने खोजबीन कर अंबिकापुर से नाबालिग को सुरक्षित वापस लाकर आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की।

24 घंटे में सफलता, आरोपी गिरफ्तार

कोतवाली पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर डभरा से 13 वर्षीय बालिका को बरामद कर आरोपी को गिरफ्तार किया।

एसएसपी शशि मोहन का संदेश

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने कहा कि नाबालिगों और महिलाओं से जुड़े मामलों में रायगढ़ पुलिस पूरी संवेदनशीलता के साथ कार्य कर रही है। बच्चों को बहला-फुसलाकर ले जाने या शोषण करने वालों के खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई जारी रहेगी। अभिभावकों को भी बच्चों की गतिविधियों और उनके सोशल संपर्कों पर नजर रखने की आवश्यकता है।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS