Explore

Search

April 26, 2026 7:12 pm

स्वास्थ्य सेवाओं को मिली नई ताकत, 7.19 करोड़ के सीएसआर कार्यों का लोकार्पण

छत्तीसगढ़। बिलासपुर में जिले की स्वास्थ्य सुविधाओं को सुदृढ़ करने की दिशा में रविवार को एक अहम पहल की गई। केंद्रीय आवासन एवं शहरी विकास राज्यमंत्री तोखन साहू ने एनटीपीसी सीपत द्वारा कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व सीएसआर के अंतर्गत लगभग 7.19 करोड़ रुपये की लागत से विकसित विभिन्न स्वास्थ्य सुविधाओं का लोकार्पण किया।

इस पहल के तहत एनटीपीसी की सीपत इकाई ने शहर के प्रमुख संस्थान कुमार साहब स्व.दिलीप सिंह जूदेव सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल और सिम्स को अत्याधुनिक उपकरणों व आधारभूत ढांचे की सौगात दी। कार्यक्रम में सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल में करीब 4.27 करोड़ रुपये की लागत से स्थापित अत्याधुनिक ब्लड बैंक, सूक्ष्मजीव विज्ञान प्रयोगशाला, हार्मोन जांच प्रयोगशाला और एआई आधारित माइक्रोस्कोपी का उद्घाटन किया गया।

बताया गया कि यह रक्त कोष प्रदेश का अपनी तरह का पहला आधुनिक ब्लड बैंक है, जहां विश्वस्तरीय मशीनें स्थापित की गई हैं। इससे मरीजों को जांच और उपचार की त्वरित एवं सटीक सुविधा मिल सकेगी। अस्पताल प्रबंधन के अनुसार ब्लड बैंक पूरी तरह कंप्यूटरीकृत एवं ऑनलाइन प्रणाली से संचालित होगा, जिससे पारदर्शिता और दक्षता सुनिश्चित होगी। यहां एकल दाता प्लेटलेट एसडीपी की सुविधा भी उपलब्ध रहेगी, जो कैंसर और डेंगू जैसे गंभीर रोगों के मरीजों के लिए उपयोगी होगी।

इसी तरह सिम्स अस्पताल में लगभग 2.92 करोड़ रुपये की लागत से खरीदी गई आधुनिक मशीनों का भी लोकार्पण किया गया। इसके तहत करीब 8 विभागों के लिए 26 उपकरण उपलब्ध कराए गए हैं। इनमें रंगीन डॉप्लर, स्वचालित केमिल्यूमिनेसेंस प्रणाली, उच्च दक्षता तरल क्रोमैटोग्राफी एचपीएलसी सी-आर्म मशीन, ऑपरेशन टेबल, दंत चिकित्सा कुर्सी, शवगृह फ्रीजर और लेजर प्रणाली जैसे उपकरण शामिल हैं।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए केंद्रीय राज्यमंत्री श्री साहू ने कहा कि स्वास्थ्य क्षेत्र में यह सहयोग छत्तीसगढ़ के लिए महत्वपूर्ण साबित होगा। उन्होंने कहा कि आधुनिक ब्लड बैंक और प्रयोगशालाओं से मरीजों को समय पर गुणवत्तापूर्ण उपचार मिल सकेगा। उन्होंने स्व. दिलीप सिंह जूदेव के समाजसेवा के योगदान को भी स्मरण किया।

सिम्स के डीन रमणेश मूर्ति ने कहा कि नई मशीनों से जटिल बीमारियों का इलाज अब स्थानीय स्तर पर संभव होगा, जिससे मरीजों को बड़े शहरों की ओर रुख नहीं करना पड़ेगा।

कार्यक्रम में बिल्हा विधायक धरमलाल कौशिक, बिलासपुर विधायक अमर अग्रवाल, महापौर श्रीमती पूजा विधानी, जिला पंचायत अध्यक्ष राजेश सूर्यवंशी, कलेक्टर संजय अग्रवाल सहित जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।

कार्यक्रम में अतिथियों ने एनटीपीसी सीपत के सीएसआर कार्यों की सराहना करते हुए इसे क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS